इजरायलियों ने किया कोविड -19 लॉकडाउन के प्रतिबंधों का विरोध

  • Follow Newsd Hindi On  

तेल अवीव, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। देश में लागू कोविड-19 लॉकडाउन प्रतिबंधों के विरोध में हजारों इजरायलियों ने बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किया। मीडिया ने बताया कि प्रदर्शनकारी देश भर में सड़कों पर उतरे प्रतिबंधों के खिलाफ अपना विरोध जताया।

द टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले हफ्ते पारित किए गए नए उपायों के तहत देश के निवासियों को विरोध करने के लिए अपने घरों से एक किलोमीटर से अधिक की यात्रा करने से रोक दिया गया है। साथ ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने के लिए प्रदर्शनकारियों को 20-20 लोगों के समूहों की ही इजाजत दी गई है।


शनिवार को पूरे देश में रैलिया हुईं और इनमें से कुछ में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक संघर्ष हुआ।

पुलिस ने एक बयान में कहा, “सार्वजनिक व्यवस्था का उल्लंघन करने और पुलिस अधिकारियों पर हमला करने के लिए तेल अवीव में कम से कम 38 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।”

रविवार सुबह तक इनमें से 37 को छोड़ दिया गया। वहीं यरुशलम में 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।


शनिवार को इस बड़े प्रदर्शन का आयोजन करने वाले समूहों में से एक ‘ब्लैक फ्लैग्स’ ने कहा कि पूरे देश में 1 लाख से अधिक लोगों ने विरोध में भाग लिया। हालांकि दावे का आधिकारिक सत्यापन नहीं किया गया है।

टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट में कहा कि पूरे देश से प्रदर्शनकारियों के खिलाफ हिंसा की कई घटनाएं सामने आई हैं।

रक्षा मंत्री बेनी गैंट्ज ने कहा कि प्रदर्शनकारियों पर हमले ‘अस्वीकार्य’ हैं। उन्होंने अपराधियों को न्याय दिलाने के लिए पुलिस से अपील की।

–आईएएनएस

एसडीजे/जेएनएस

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)