सेना के 50 जवानों को हनी ट्रैप में फंसा रही थी ISI एजेंट, एक जवान गिरफ्तार

  • Follow Newsd Hindi On  
सेना के 50 जवानों को हनी ट्रैप में फंसा रही थी ISI एजेंट, खुफिया जानकारी लीक करने वाला जवान गिरफ्तार Indian Army jawans Honey trapped by Pakistan ISI Jaisalmer Rajasthan | Newsd

नई दिल्ली। भारतीय आर्मी के एक और जवान के ‘हनी ट्रैप’ में फंसने की बात सामने आई है। राजस्थान पुलिस ने जैसलमेर जिले से एक आर्मी जवान को आईएसआई (ISI) से संबंधित पाकिस्तानी महिला को खुफिया जानकारी लीक करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जैसलमेर के ही टैंक रेजिमेंट में तैनात सोमवीर नाम का ये जवान हरियाणा का रहने वाला है और भारतीय सेना की बख्तरबंद टुकड़ी में तैनात है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर पाकिस्तान की एजेंसी ISI की ओर से बिछाए गए वर्चुअल हनी ट्रैप में फंसकर जवान ने सेना से जुड़ी कई अहम जानकारियां पड़ोसी मुल्क को दी हैं। पुलिस ने शुक्रवार को ऑफिशियल सीक्रेट एक्ट 1923 के तहत सोमवीर को गिरफ्तार किया था। मजिस्ट्रेट कोर्ट के सामने पेश किए जाने बाद उसे 19 जनवरी तक के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।


रक्षा मंत्रालय के पीआरओ संबित घोष ने न्यूज एजेंसी को बताया कि राजस्थान पुलिस ने जैसलमेर में सेना के जवान को गिरफ्तार किया है। सेना की ओर से मामले की जांच के लिए जवान से जुड़ी जानकारियां स्थानीय पुलिस को दी जा रही हैं।

सूत्रों का कहना है कि जवान, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर अनिका चोपड़ा नाम की फर्जी प्रोफाइल से जुड़ा हुआ था। इस प्रोफाइल को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी द्वारा संचालित किया जा रहा था। वह इस प्रोफाइल से लगातार बात कर रहा था और अपनी टुकड़ी से जुड़ी खुफिया जानकारी उसे दे रहा था। इतना ही नहीं, अनिका चोपड़ा नामक अकाउंट से 50 अन्य जवानों को हनी ट्रैप कर गोपनीय जानकारियां निकाली जा रही थी। इस खुलासे के बाद सेना ने अपने कई अधिकारियों और जवानों के सोशल मीडिया अकाउंट खंगालने शुरू कर दिए हैं।

हनी ट्रैप के शिकार और भी…

सेना के जवानों या अधिकारियों का हनी ट्रैप में फंसकर खुफिया जानकारी लीक करने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी पाकिस्तान सोशल मीडिया के जरिए कई आर्मी जवानों को अपना शिकार बना चुका है। 19 सितंबर 2018 को यूपी एटीएस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI की एजेंट के साथ गोपनीय सूचनाएं शेयर करने के आरोप में BSF जवान को गिरफ्तार किया था।


9 फरवरी, 2018 को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एयरफोर्स के ग्रुप कैप्टन को जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया था। आरोप है कि ग्रुप कैप्टन अरुण मारवाह ने एयरफोर्स से जुड़े गोपनीय दस्तावेज पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई को दिए थे।


दिल्ली में 60 हजार की जाली मुद्रा के साथ शख्स गिरफ्तार

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)