अखिलेश की कन्नौज में ट्विटर चौपाल

  • Follow Newsd Hindi On  

लखनऊ, 11 जनवरी (आईएएनएस)| समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव शुक्रवार को अपनी पत्नी डिंपल यादव के संसदीय क्षेत्र कन्नौज में ट्विटर चौपाल लगाने जा रहे हैं। इस दौरान वह प्रश्नों के जवाब भी देंगे। यह चौपाल 100 फीसदी सौर ऊर्जा वाले गांव के रूप में चर्चित फकीरे पुरवा में लगेगी। इसमें ट्विटर इंडिया की टीम भी मौजूद रहेगी। ट्विटर पर अखिलेश यादव के साथ पहली चौपाल की लॉन्चिंग शुक्रवार कन्नौज के फकीरे पुरवा में होगी। यह देश का पहला माइक्रो ग्रिड सक्षम गांव है। इसका उद्घाटन पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने किया था।

इसकी जानकारी देते हुए अखिलेश ने ट्विटर पर लिखा कि इत्र के उद्गम स्थल कन्नौज में देश के पहले माइक्रो ग्रिड सक्षम गांव फकीरे पुरवा में चौपाल कार्यक्रम में हम ट्विटर इंडिया का स्वागत करते हैं।


ट्विटर इंडिया ने ट्वीट में कहा है, “चौपाल में अखिलेश यादव से सीधे सवाल किए जा सकते हैं। इसके लिए हैशटैग अखिलेश की चौपाल लिखना होगा। इस कार्यक्रम के जरिए अखिलेश यादव प्रदेश के लोगों, खासतौर पर युवाओं तक अपनी बात पहुंचाएंगे।”

गौरतलब है कि सपा मुखिया अखिलेश इस बार खुद कन्नौज से लोकसभा चुनाव लड़ने वाले हैं। अभी यहां से उनकी पत्नी डिम्पल यादव सांसद हैं। अखिलेश खुद भी कन्नौज से सांसद रहे हैं। इसलिए उन्होंने इस अभियान की शुरुआत यहीं से करने की ठानी है।

ट्विटर पर लाइव चौपाल सवाल-जवाब सीरीज के साथ होगा। इस दौरान कन्नौज से समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव के चौपाल ऑन ट्विटर के प्लेटफॉर्म पर जनता के सवालों का जवाब देने के लिए जुड़े रहेंगे।


इस दौरान पूछे जाने वाले सवाल और उनके जवाब नेताओं के ट्विटर हैंडल से लाइव भी किए जाएंगे। इसके लिए यूजर्स को अपने सवाल के साथ हैशटैग का प्रयोग करना होगा। इसके अलावा लोग समाजवादी नेता अखिलेश यादव से सवाल पूछने के लिए ट्विटर पर अखिलेश की चौपाल हैशटैग का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)