प्रियंका की राजनीतिक एंट्री पर BJP मंत्री का बयान- सुंदर चेहरे से वोट नहीं मिलते

  • Follow Newsd Hindi On  
Priyanka Gandhi AICC general secretary for UP east Congress Rahul Gandhi प्रियंका गांधी की राजनीतिक एंट्री, बनीं पूर्वी उत्तर प्रदेश कांग्रेस की पार्टी महासचिव

लोकसभा चुनाव 2019 से पहले प्रियंका गांधी को कांग्रेस महासचिव बनाए जाने से सियासी सरगर्मी बढ़ गयी है। विभिन्न दलों के नेताओं की ओर से प्रियंका गांधी की राजनीतिक एंट्री पर प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। इसी बीच बिहार सरकार में मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता विनोद नारायण झा ने प्रियंका को लेकर विवादित बयान दिया है।

बिहार सरकार में मंत्री विनोद नारायण झा ने प्रियंका को महासचिव बनाने को लेकर कहा कि खूबसूरत चेहरों से चुनाव नहीं जीते जा सकते हैं। इससे भी बड़ी बात यह है कि वे रॉबर्ट वाड्रा की पत्नी हैं, जिन पर भूमि घोटाले और भ्रष्टाचार के कई मामलों में शामिल होने का आरोप है। वे बेहद खूबसूरत हैं, लेकिन इसके अलावा उनकी कोई राजनीतिक उपलब्धि नहीं है।


शुक्रवार को विनोद नारायण झा बोले कि कांग्रेस के लोगों को ये नहीं सोचना चाहिए कि प्रियंका गांधी बहुत सुंदर हैं और वो राजनीति में आ गई तो बहुत सीटें जीत जाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत का लोकतंत्र परिपक्व होने की ओर है, ऐसा निर्णय लोकतंत्र के लिए अच्छा नहीं है।


बिहार सरकार में मंत्री झा ने कहा कि कुछ लोग उनकी तुलना इंदिरा गांधी से कर रहे हैं, इंदिरा गांधी फिरोज शाह की पत्नी थी उनके पति ने लोकसभा में कई मुद्दों को उठाया था। लेकिन रॉबर्ट वाड्रा के नाम पर जमीन घोटाले हैं, ऐसे में प्रियंका की तुलना इंदिरा से करना गलत है। ज्ञात हो कि विनोद नारायण झा बीजेपी नेता हैं और बिहार की नीतीश कुमार सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं।

उनके अलावा बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने भी प्रियंका गांधी की राजनीति में एंट्री पर कहा कि उन्हें सपा-बसपा को डराने के लिए लाया गया है। उन्होंने कहा कि प्रियंका राजनीति में रॉबर्ट वाड्रा की प्रतिनिधि के तौर पर आई हैं। इससे रॉबर्ट वाड्रा का मुद्दा लाइमलाइट में आएगा।

बुधवार को कांग्रेस ने प्रियंका गांधी को पूर्वी उत्तर प्रदेश का प्रभार दिया, वहीं ज्योतिरादित्य सिंधिया को पश्चिम यूपी की कमान सौंपी थी। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले प्रियंका गांधी की सक्रिय राजनीति में आने के कई मायने निकाले जा रहे हैं और इसे कांग्रेस का सबसे बड़ा मास्टर स्ट्रोक कहा जा रहा है।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)