केआईवाईजी (हॉकी) : ओडिशा ने अंडर-21 वर्ग में जीता खिताब

  • Follow Newsd Hindi On  

मु़ंबई, 15 जनवरी (आईएएनएस)| ओडिशा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए यहां जारी खेलो इंडिया यूथ गेम्स (केआईवाईजी)-2019 के सातवें दिन मंगलवार को हरियाणा को पेनाल्टी शूटआउट में 4-2 से हराकर लड़कों के अंडर-21 वर्ग का खिताब जीत लिया। यहां महिंद्रा हॉकी स्टेडियम में खेले गए इस फाइनल मुकाबले में ओडिशा ने एक समय दिप्सन टिर्की के 11वें और आशीष तोंपों के 23वें मिनट में किए गए गोल से 2-0 की बढ़त हासिल कर ली थी। लेकिन हरियाणा ने कप्तान संदीप मोर के 29वें और 57वें मिनट में किए गए गोल से 2-2 से बराबरी हासिल कर ली।

निर्धारित समय तक दोनों टीमों के बीच स्कोर 2-2 से बराबर रहने के बाद पेनाल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया जहां आशीष तोंपो, ग्रेगोरी एक्सेस, शिलानंद लाकड़ा और दिप्सन टिर्की ने ओडिशा के लिए गोल दागे जबकि हरियाणा के लिए कुलदीप और यशदीप सिंह ही गोल कर पाए।


लड़कों के अंडर-21 वर्ग के कांस्य पदक मुकाबले में पंजाब ने उत्तर प्रदेश को पेनाल्टी शूटआउट में 2-0 से मात देकर कांस्य पदक जीता।

उत्तर प्रदेश के लिए सामर्थ सिंह ने 12वें जबकि पंजाब के लिए अरविंदर सिंह ने 19वें मिनट में गोल किए।

दोनों टीमों के बीच निर्धारित समय तक मुकाबला 1-1 से बराबर रहने के बाद पेनाल्टी शूटआउट का सहारा लिया गया जहां विजेता पंजाब के लिए मेहकीत सिंह और करणबीर सिंह ने गोल किए जबकि उत्तर प्रदेश का पांचों प्रयास विफल रहा।


उधर, खड़गवासला में महिलाओं के अंडर-17 वर्ग के पूल-ए में झारखंड ने दिल्ली को 11-0 से करारी मात दी। झारखंड के लिए ब्यूटी डुंग डुंग ने नौवें, 26वें और 28वें मिनट में, पूनम मुंडु ने 34वें, 42वें और 45वें मिनट में, प्रमोदनी लाकड़ा ने 12वें, रजनी करकेटा ने 18वें, दीप्ति कुल्लु ने 41वें, संजना होरो ने 49वें और प्रीनी कंदिर ने 55वें मिनट में गोल किए।

पूल-ए के दूसरे मैच में पंजाब ने चंडीगढ़ को 4-3 से हराया। पंजाब के लिए स्नेहा सभरवाल ने 19वें, 35वें और 42वें मिनट में गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की। इसके अलावा मिताली ने तीसरे मिनट में एक गोल दागा। चंडीगढ़ के लिए कविता ने 13वें और 30वें तथा धापा देवी ने 51वें मिनट में गोल किए।

पूल-बी में मिजोरम ने महाराष्ट्र को 5-1 से पराजित किया। अन्य मैच में हरियाणा ने ओडिशा को 3-2 से शिकस्त दी।

अंडर-21 वर्ग के पूल-ए में महाराष्ट्र और झारखंड ने गोलरहित ड्रॉ खेला। वहीं ओडिशा ने मिजोरम को 1-1 से ड्रॉ पर रोक दिया।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)