Mamata Rally in Kolkata Live Updates: ममता की यूनाइटेड इंडिया रैली में पहुंचे विपक्ष के दिग्गज नेता

  • Follow Newsd Hindi On  
Mamata Rally in Kolkata Live Updates: United India Rally Mamta Banerjee TMC ममता बनर्जी | Newsd

Mamata Rally in Kolkata Live Updates: कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में ममता बनर्जी की यूनाइटेड इंडिया रैली के लिए पूरे पश्चिम बंगाल से तृणमूल कांग्रेस के लाखों कार्यकर्ता व समर्थकों का हुजूम उमड़ा है। इस रैली के जरिए ममता 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले विपक्ष की एकजुटता और ताकत प्रदर्शित करना चाहती हैं। तृणमूल कांग्रेस के अनुसार, सड़क, रेल व जल मार्ग के जरिए विपक्ष की ताकत को देखने व सुनने के लिए करीब 8 लाख लोगों के रैली में पहुंचने की संभावना है। ममता की मेगा रैली में 20 विपक्षी दलों के नेताओं का जमघट है। अरविंद केजरीवाल, चंद्र बाबू नायडू, एचडी कुमारस्वामी, अखिलेश यादव, उमर अब्दुल्ला, फारुख अब्दुल्ला, समेत कई दिग्गज पहुंचे हैं।

Mamata Rally in Kolkata Live Updates:

 


मोदी जी की एक्सपायरी डेटः ममता बनर्जी

ममता बनर्जी ने कहा मोदी सरकार की समाप्ति का वक्त आ गया है। उन्हें बताना है कि उनका समय पूरा हो गया है। मंच पर पूरा हिंदुस्तान दिख रहा है। यूनाइटेड इंडिया रैली में 23 से 26 पार्टियों के लोग एकत्र हुए हैं। मोदी जी को लगता है कि वही बस ईमानदार है बाकी सब बेईमान हैं। मोदी सरकार ने सभी संस्थाओं को बर्बाद कर दिया। मोदी ने किसी को नहीं छोड़ा। उन्होंने लालू, अखिलेश और मायावती को नहीं छोड़ा, तो हम लोग आपको क्यों छोड़ेंगे। ममता बनर्जी ने कहा कि जब मौसम बदलता हो तो बीजेपी की सरकार क्यों नहीं बदलेगी। मोदी सरकार ने नई नौकरी देने के बजाए लोगों की नौकरी छीन ली।

ममता बनर्जी ने कहा कि बीजेपी का काम दंगे-फसाद कराना है। बीजेपी रैली के जरिए बंगाल में हिंसा-फसाद कराना चाहती थी, लेकिन हम ऐसा नहीं होने देंगे। बीजेपी को बंगाल में 0 सीट मिलेगा। मोदी ने सीबीआई, ईडी जैसी संस्थाओं को बदनाम कर दिया है। वह हर पार्टी को तोड़ना चाहती है। बीजेपी ने अपनी पार्टी के नेताओं को कोई सम्मान नहीं दिया। चाहे जितनी अच्छी बात कर लो, अब अच्छे दिन नहीं आने वाले। बीजेपी अगर सत्ता में आई तो देश गया।


बनर्जी ने कहा कि जो पार्टी अपने लोगों को एक साथ लेकर नहीं चल सकती तो वो देश को लेकर क्या चलेगी। हिंदू, मुसलमान, सिख और ईसाई से मिलकर बना है हिंदुस्तान।

चौकीदार जान लें कि थानेदार देश की जनताः तेजस्वी यादव

ममता के मंच से राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि हमें देश को जोड़ना का काम करना चाहिए। बीजेपी भगाओ, देश बचाओ का वक्त आ गया है। चौकीदार जी जान लें कि थानेदार देश की जनता है। नरेंद्र मोदी-अमित शाह से हाथ मिलाने वाले लोग राजा हरीशचंद्र हैं। हमारी अनेकता में एकता है। हम सब मिलकर देश को तरक्की की राह पर ले जाने का काम करेंगे।

अगर सच कहना बगावत है तो समझो मैं भी बागी हूं- शत्रुघ्न सिन्हा

ममता की रैली में बीजेपी सांसद और वरिष्ठ नेता शत्रुघ्न सिन्हा भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि देश बदलाव चाहता है। मुझसे लोग कहते हैं कि मैं बीजेपी के खिलाफ बोलता हूं, लेकिन अगर सच कहना बगावत है तो समझो मैं भी बागी हूं। हो सकता है कि इस रैली के बाद मैं भाजपा में नहीं रहूं। शत्रुघ्न सिन्हा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लिए बगैर कहा कि आज के दौर में जो तानाशाही है वो नहीं चलेगी। रातोरात उन्होंने नोटबंदी की घोषणा कर दी। यह फैसला करते वक्त यह भी नहीं सोचा कि मजदूरों, रेहड़ी वालों, आम लोगों का क्या होगा। नोटबंदी का फैसला पार्टी का फैसला नहीं था, अगर पार्टी का होता तो लाल कृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी और अरुण शौरी को पता होता। कहा जाता है कि देश के वित्त मंत्री को भी इस बारे में जानकारी नहीं थी।

नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि जनता अभी नोटबंदी से उबरी भी नहीं थी कि मोदी ने जीएसटी थोप दिया। बिना तैयारी के जीएसटी लगा दिया गया। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इसे गब्बर सिंह टैक्स कहा। पहले खुद मोदी जब मुख्यमंत्री थे तो उन्होंने इसका विरोध किया। लेकिन अब उन्होंने जीएसटी लगा दिया। शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि लोकसभा चुनाव का वक्त है। चुनाव में कुछ हफ्ते रह गए हैं, अब फिर से वादों का दौर शुरू हो जाएगा। जो वादे किए थे अगर उन पर सवाल किया जाए तो अयोध्या में राम मंदिर का मुद्दा उठा दिया जाएगा।

मोदी सरकार ने नौकरी तो दी नहीं, जो थी वो भी छीन ली- खड़गे

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने ममता द्वारा आयोजित इस महारैली में मंच से बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी ने इस सभा के लिए एक संदेश भेजा है कि देश की संवैधानिक संस्थाओं को खतरा है। संविधान के खिलाफ काम करने वाली ताकतों को हराना होगा। किसान से लेकर जवान तक, युवाओं को रोजगार से लेकर आर्थिक विकास के रास्ते पर सरकार विफल रही है। पीएम मोदी का काम समाज को तोड़ना है। वो बोलते हैं कि मैं न खाउंगा न खाने दूंगा, लेकिन इसके बावजूद वो अडानी, अंबानी को खिला रहे हैं। राफेल घोटाले में 30 हजार करोड़ का मुनाफा इन्होंने अंबानी को दिलाने का काम किया। किसान और दलित मर रहे हैं। बेरोजगारी बढ़ रही है। आज 1 करोड़ 60 लाख लोग बेरोजगार हो गए हैं। उन्होंने कहा था कि दो करोड़ नौकरी देने का काम किया जाएगा, लेकिन केंद्र की मोदी सरकार ने नौकरी देने के बजाय नौकरी छीन ली है। उन्होंने कहा कि मोदी जी पार्टियों को तोड़ने का काम कर रहे हैं। कर्नाटक उसका उदाहरण है। जबतक जनता का आशीर्वाद है मोदी और अमित शाह देश का संविधान बदल नहीं सकते। मोदी सरकार के घोटालों का जनता को पता है। संविधान के लिए हमें एक होना होगा। उन्होंने कहा कि मंजिल बहुत दूर है, रास्ता बड़ा कठिन है, लेकिन दिल मिले न मिले हाथ मिलाते चले।

2019 में हमें एक नया PM मिलेगा: नायडू

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने ममता के मंच से बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पीएम ने कई वादे किए लेकिन कुछ भी पूरा नहीं हुआ। वो पब्लिसिटी पीएम हैं न कि परफॉर्मिंग पीएम। किसान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि एमएसपी का वादा करके मोदी सरकार देना भूल गई। राफेल पर उन्होंने मोदी सरकार पर गलत एफेडेविड देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार भ्रष्टाचार के मामले में टॉप पर है। नोटबंदी के फैसले पर उन्होंने कहा कि फैसले के सारे एटीएम खाली हो गए। लोगों को बैंक से भी खाली हाथ लौटना पड़ा। लाखों की संख्या में लोग परेशान हुए। आर्थिक विकास के गर्त में जाने के कारण देश में नौकरी न के बराबर रह गई है।

संघीय व्यवस्था में भी मोदी सरकार दखलअंदाजी कर रही है। राज्यों को परेशान करने का काम किया गया। कर्नाटक में सत्ता पर काबिज होने के लिए मोदी सरकार ने विधायकों की बोली लगाई और उन्हें पैसे से खरीदना चाहा, ठीक वैसे ही जैसे जानवर खरीदे जाते हैं। सीबीआई, ईडी और अन्य संस्थाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है। उन्होंने ईवीएम से चुनाव का भी विरोध किया और कहा कि पारदर्शी चुनाव हो इसके लिए हमें पेपर बैलेट पर उतरना होगा। 2019 में हमें एक नया प्रधानमंत्री मिलेगा। अंत में उन्होंने कहा कि इससे भी बड़ी रैली हम अमरावती में आयोजित करेंगे और उसके लिए आप सभी नेता आमंत्रित हैं। इसी दौरान केजरीवाल ने भी कहा कि वो भी दिल्ली में ऐसी ही एक रैली करना चाहते हैं।

भारत के खिलाफ जो काम PAK नहीं कर सका वो मोदी ने 5 साल में कर दिया- केजरीवाल

आम आदमी पार्टी संयोजक और अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले पांच साल में नरेंद्र मोदी और अमित शाह की जोड़ी ने देश का कबाड़ा कर दिया। आज देश का युवा परेशान है, उसके पास नौकरी नहीं है, पीएम मोदी ने नौकरी के नाम पर झूठ बोलकर धोखा दिया। आज देश में सवा करोड़ नौकरियां खत्म हो गई हैं। किसान बीजेपी से गुस्सा हैं, आत्महत्या कर रहे हैं। फसल बर्बाद होती है तो मोदी सरकार किसानों को इंश्योरेंस कंपनियों के हवाल कर देते हैं। इंश्योरेंस कंपनियां मोदी जी के दोस्तों की हैं। ये किसानों को पैसा नहीं देते हैं। बीजेपी के नेता सोशल मीडिया पर महिलाओं को गाली देते हैं और पीएम उन्हें फॉलो करते हैं।

आज देश में दलितों का अत्याचार हो रहा है, मॉब लिंचिंग की घटनाओं में इनकी हत्या की जा रही है। पिछले 70 सालों में पाकिस्तान का सपना था भारत को बांटा जाए, जो 70 साल में पाकिस्तान नहीं कर पाया वो मोदी और अमित शाह ने तीन साल में कर दिया। इन्होंने हिन्दू-मुसलमान को लड़ा दिया, मुसलमान-इसाईयों से लड़ा दिया। ये दोबारा आए तो देश बर्बाद हो जाएगा। किसी भी तरह इन्हें केंद्र से उखाड़ फेंकना है। हिटलर ने देश में चुनाव खत्म कर दिया था। मोदी भी देश में चुनावों को खत्म करना चाहते हैं।

BJP ने CBI और ED से गठबंधन किया- अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने कहा कि जो बात बंगाल से चलेगी वो देश में दिखाई देगी। लोग सोचते थे कि हमारा गठबंधन नहीं होगा लेकिन गठबंधन हो गया। वो (बीजेपी) कहते हैं कि विपक्ष के पास दूल्हे (पीएम पद के उम्मीदवार) बहुत हैं, तो जनता जिसे चुनेगी वो ही पीएम बनेगा। लेकिन भाजपा बताए कि उनके पास विफल पीएम के अलावा किसका चेहरा है। उन्होंने कहा कि हमने गठबंधन का तरीका भाजपा से ही सीखा है। चुनाव आते-आते बीजेपी सीबीआई और ईडी से गठबंधन कर रही है और हम लोग जनता की आवाज से गठबंधन कर रहे हैं। हमारे सहयोगी दलों के मिलने के बाद उत्तर प्रदेश में भाजपा को डर लग रहा है। भाजपा ने समाज में जहर घोलने का काम किया। हमने बहुत काम किया लेकिन भाजपा काम पर वोट नहीं मांगती, वो तोड़ने और जोड़ने में विश्वास रखते हैं।

हम यहां किसी पद की अपेक्षा के लिए यहां नहीं आए: शरद पवार

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने कहा कि देश की संस्थाओं पर हमला हो रहा है। अंबेडकर के बनाए संविधान पर हमला हो रहा है। सभी पर मोदी सरकार के माध्यम से हमले किए जा रहे हैं। मोदी सरकार ने नोटबंदी और जीएसटी का कदम उठाया, जिससे लोग परेशान हुए। आज किसान आत्महत्या के रास्ते पर जा रहा है। उद्योग बंद हो रहे हैं। बेरोजगारी बढ़ रही है और यह परिस्थिति जिन्होंने उत्पन्न की उन्हें सत्ता से उखाड़ फेंकने की जिम्मेदारी हमारी और आपकी है। बीजेपी के लोग कहते हैं कि हम पीएम पद के लिए लड़ेंगे, लेकिन हम यहां पद की लड़ाई के लिए नहीं बल्कि मोदी सरकार को सत्ता से हटाने के लिए साथ आए हैं।

मोदी को हटाने के लिए एक हुए सपा-बसपा

बसपा नेता सतीश चंद्र मिश्रा ने कहा केंद्र की मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। सरकार बनन से पहले बहुत सारे वादे किए और सत्ता पर काबिज होने के बाद सभी वादों को भूल गए। किसान, गरीब, मजदूरों और दलितों को परेशान किया है। करोड़ों लोगों को इनके कामों की वजह से बेरोजगार होना पड़ा है। केंद्र की सरकार ने कई कारखाने बंद करवा दिया। इसलिए ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकना जरूरी है। इसके लिए विपक्ष को एक होना है और सपा-बसपा ने गठबंधन कर इसकी शुरुआत कर दी है। अंबेडकर के विचारों को बचाने के लिए हमें केंद्र की सरकार को उखाड़ फेंकना होगा।

स्टालिन ने तमिल में किया संबोधित

डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने तमिल में संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की जमकर आलोचना की। उनके संबोधन के दौरान मंच से ही उनके भाषण को बांग्ला में भी ट्रांसलेट किया जा रहा था। इस दौरान उन्होंने नारा लगाया कि मोदी हटाओ, देश बचाओ। मई में होने वाले आम चुनाव देश के लिए दूसरा स्वतंत्रता संग्राम होगा।

फारुक अब्दुल्ला ने कहा- कश्मीर के लिए बीजेपी जिम्मेदार

फारुक अब्दुल्ला ने कहा कि देश में लोगों को बांटने का काम हो रहा है। हिन्दू-मुसलमानों को बांटने का काम किया जा रहा है। पूरे देश में आग लगी हुई है। इसे रोकने के लिए हमें कुर्बानी देनी होगी। इस कुर्बानी के लिए लोगों से पहले नेताओं को आगे आना होगा। आज जम्मू कश्मीर जिस हालत में है उसकी जिम्मेदार भी बीजेपी है। मैं मुसलमान जरूर हूं लेकिन पहले भारतीय हूं। जिसे आप ईवीएम कहते हैं वो चोर मशीन है, इसे खत्म करना चाहिए। इससे चुनाव में चोरी की जाती है। इसके लिए हम सभी नेताओं को एक होकर चुनाव आयोग जाना चाहिए। देश की खुशहाली के लिए इस सरकार को हटाना होगा। यह सरकार महिला आरक्षण बिल पर मौन रहती है और तीन तलाक पर आवाज बुलंद कर देती है। हमें सरकार की मंशा को समझना होगा। हमें भारत को मजबूत करना होगा। उसके लिए दिल मिलाना होगा। सभी दल के नेता यह न सोचें कि कौन प्रधानमंत्री बनेगा बल्कि पहले उन्हें यह सोचना चाहिए कि मोदी सरकार को कैसे हटाना है।

विश्व का सबसे बड़ा अनैतिक गठबंधन बीजेपी ने कश्मीर में किया था- सिंघवी

कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि आज 22 पार्टियों का इंद्रधनुष बना है। रंग अलग होते हुए भी विपक्ष एक इंद्रधनुष है। उन्होंने नारा लगाया कि जनता की यही पुकार अब नहीं चाहिए मोदी सरकार। मुझे खुशी है कि कोलकाता में भाजपा की रथयात्रा को अनुमति नहीं मिली। क्योंकि इसमें संदेह था कि इसमें जानमाल का नुकसान हो सकता था। केंद्र की मंशा बांटने की रही है। उन्होंने कहा कि वोट विभाजन का सबसे ज्यादा फायदा बीजेपी को मिलता है इसलिए यह जरूरी है कि इस मंच पर मौजूद नेताओं को वोट विभाजन को रोकना होगा। इसका परिणाम आप पहले देख चुके हैं, चाहे वो गोरखपुर हो या फिर फूलपुर हो। केंद्र सरकार के नेता समय-समय पर विपक्ष और गठबंधन पर अपशब्दों से हमले करते रहते हैं। लेकिन विश्व का सबसे ज्यादा और बड़ा अनैतिक गठबंधन बीजेपी ने कश्मीर में किया था।

राफेल जैसा घोटाला किसी सरकार में नहीं हुआ: अरुण शौरी

अरुण शौरी ने कहा कि राफेल जैसा घोटाला किसी सरकार में नहीं हुआ। ऐसी झूठ बोलने वाली सरकार कभी नहीं आई। गुजरात में विपक्ष एक होकर लड़ता तो बीजेपी सत्ता में नहीं आती। विपक्ष एकजुट होकर ही मोदी को हटा सकता है। सत्ता से मोदी को हटाने के लिए विपक्ष को एकजूट होकर अर्जुन बनना पड़ेगा। इस सरकार ने हर संस्था को बर्बाद करने की जिद पकड़ रखी है। मोदी शाह से लोगों को विश्वास उठ गया है। मोदी समझ गए हैं कि सत्ता से उनकी पकड़ हिल गई है।

यह लोकतंत्र बचाने की लड़ाई : यशवंत सिन्हा

बीजेपी के बागी नेता यशवंत सिन्हा ने कहा कि सवाल एक व्यक्ति को हटाने का नहीं सोच का है। मोदी सरकार ने हर लोकतांत्रिक व्यवस्था को खत्म बर्बाद करने में लगी है। मोदी को मुद्दा न बनाएं, मुद्दों को मुद्दा बनाएं। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई लोकतंत्र बचाने की है। कश्मीर की समस्या का समाधान गोली से नहीं बोली से होगा। मुझे पाकिस्तान का एजेंट भी कहा गया। लेकिन क्या प्यार की बात करना देशद्रोह है। मेरा एक उद्देश्य है, एक लड़ाई बाकी है वो है इस सरकार को सत्ता से बाहर करना। इसके लिए आवश्यक है कि मंच पर उपस्थित नेता तय करें कि भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ हर सीट पर सिर्फ एक उम्मीदवार खड़ा होगा। आने वाले दिनों में हम एकजुट होकर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे। मोदी सरकार ने सबका साथ तो लिया लेकिन विकास के नाम पर सबका विनाश किया।

यह रैली नहीं रैला: जयंत चौधरी

राष्ट्रीय लोक दल के अध्यक्ष अजित सिंह चौधरी के बेटे जयंत चौधरी ने कहा कि यह रैली नहीं रैला है। निजी कंपनियों को फायदा पहुंचाने के लिए जनता के पैसों को लूटा जा रहा है। नेता जिद्दी भी होता है। चौधरी चरण सिंह किसानों के लिए जिद्दी थे। ममता कोलकाता के लिए जिद्दी हैं। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के लिए जिद्दी हैं, उन्हें अपने लोगों को ठेका देने की जिद्द है और यह जिद्दी देश को पसंद नहीं है। अच्छे दिन लाना है तो मोदी को भगाना है। विपक्षी दल कदम से कदम मिलाकर चलेंगे और बीजेपी के तंबू को उखाड़ फेकेंगे।

सांप्रदायिक ताकतों को जवाब देंगे क्षेत्रीय दल: हेमंत सोरेन

झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि क्षेत्रीय दल सांप्रदायिक ताकतों को जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार में दलितों और आदिवासियों का शोषण हुआ है।

संविधान को खत्म करने की हो रही कोशिश : जिग्नेश

हार्दिक के बाद जिग्नेश मेवाणी ने कहा कि देश देश बुरे दौर से गुजर रहा है। विपक्ष का एकजुट होना बड़ा संदेश है। देश में किसान, मजदूर और दलितों का शोषण हो रहा है। संविधान को खत्म करने की कोशिश की जा रही है।

देश को बचाने के लिए विपक्ष एकजुट

पाटीदार नेता हार्दिक पटेल के मेगारैली में सबसे पहले बोलने का मौका मिला। उन्होंने कहा कि देश को बचाने के लिए विपक्ष एकजुट है। साथ ही उन्होंने कहा कि सुभाष बाबू (सुभाष चंद्र बोस) लड़े थे गोरों से, हम लड़ेंगे चोरों से।


क्या बोले अखिलेश-मायावती, पढ़ें मोदी-शाह की नींद उड़ाने वाली प्रेस कॉन्फ्रेंस की अहम बातें

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)