PM मोदी का ममता पर हमला, कहा- लोकतंत्र का गला घोंटने वाले कर रहे लोकतंत्र बचाने की बात

  • Follow Newsd Hindi On  
प्रधानमंत्री मोदी ने बोला ममता पर हमला, कहा- लोकतंत्र का गला घोंटने वाले कर रहे लोकतंत्र बचाने की बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दमन-दीव और नगर हवेली के सिलवासा से ममता बनर्जी के कोलकाता रैली पर हमला बोला है। प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्ष का महागठबंधन सिर्फ मोदी के खिलाफ ही नहीं, बल्कि ये देश की जनता के भी खिलाफ है। मोदी ने कहा कि विपक्ष के लोग खुद को बचाने के लिए सहारा ढूंढ़ रहे हैं जबकि मैं सबका साथ सबका विकास की बात करता हूं। वो अपने लिए लड़ रहे हैं और मैं देश के लिए। नरेंद्र मोदी शनिवार को गुजरात, मुंबई और केंद्र शासित प्रदेश दादर एवं नगर हवेली की राजधानी सिलवासा के दौरे पर हैं।

विपक्षी महागठबंधन पर किया तंज़

इस दौरान उन्होंने महागठबंधन की एकजुटता पर भी व्यंग किया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘महागठबंधन बनाने में जुटी विपक्षी पार्टियां अभी पूरी तरह एक साथ आई भी नहीं हैं और आपस में मोलभाव शुरू भी कर दिया है। हालत यह है कि जो पहले कांग्रेस को कोसते रहते थे, वो भी एक मंच पर आ गए हैं। इन्हें गुस्सा आ रहा है कि मोदी गरीबों का अधिकार छीनने वाले, उनके राशन, उनकी पेंशन हड़पने वाले दलालों को बाहर क्यों कर रहा है? इन्हें दिक्कत है कि मोदी भ्रष्टाचार के खिलाफ इतनी कड़ी कार्रवाई क्यों कर रहा है? लेकिन मैं तो देश को आगे ले जाने के लिए सबका साथ-सबका विकास के मंत्र को लेकर निकल पड़ा हूं।’


प्रधानमंत्री ने आगे ममता बनर्जी समेत अन्य विपक्षी दलों पर हमला बोलते हुए कहा कि जो अपने ही राज्य में लोकतंत्र को कुचल रहे हैं, वो अब लोकतंत्र को बचाने का उपदेश दे रहे हैं। यह देखकर बेहद हैरानी हो रही है।’ कोलकाता में विपक्षी दलों की संयुक्त रैली पर तंज कसते हुए पीएम मोदी ने कहा कि लोकतंत्र का गला घोटने वाले लोकतंत्र को बचाने की बात कर रहे हैं, यह देखकर देश की जनता कहती है ‘वाह क्या सीन है!’

प्रधानमंत्री ने बताई विकास की पंचधारा

पीएम मोदी ने कहा कि सबका साथ-सबका विकास के मंत्र पर चल रही केंद्र सरकार विकास की पंचधारा के लिए पूरी तरह समर्पित है, जिसमें बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों को दवाई, युवाओं को कमाई, किसानों को सिंचाई और जन- जन की सुनवाई शामिल हैं। ये पंचधारा हमारे लिए विकास का राजमार्ग है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार सबको घर उपलब्ध कराने के लिए भी प्रतिबद्ध है, ताकि कोई भी गरीब बेघर न रहे। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने 5 साल में सिर्फ 25 लाख घर बनाए थे, जबकि हमने 5 साल में एक करोड़ 25 लाख से ज्यादा घर बनाए हैं।



2019 का चुनाव मोदी, शाह को हटाने के लिए : केजरीवाल

बसपा-सपा गठबंधन ने भाजपा की रातों की नींद उड़ाई : मायावती

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)