लोकसभा चुनाव 2019: नाकाम रही बातचीत, कांग्रेस-आप में गठबंधन की संभावना बेहद कम

  • Follow Newsd Hindi On  
लोकसभा चुनाव 2019: नाकाम रही बातचीत, कांग्रेस-आप में गठबंधन की संभावना बेहद कम

लोकसभा चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में गठबंधन को लेकर कई दिनों से जारी बातचीत लगता है अब बेनतीजा ही खत्म होने वाली है। जिस तरह के संकेत मिल रहे हैं उससे आप और कांग्रेस के बीच गठबंधन की गांठ मजबूत होने से पहले ही बिखरती नजर आ रही है। दोनों के बीच बातचीत में हरियाणा को लेकर मामला फंस गया है।

सूत्रों की मानें तो बीते पांच दिनों से दोनों पार्टियों के बीच कोई औपचारिक संवाद नहीं हुआ है। दोनों पार्टियां मीडिया के जरिए एक-दूसरे तक अपनी बात पहुंचा रही हैं। कांग्रेस सिर्फ दिल्ली में ही गठबंधन करने को तैयार है। वहीं, आप सिर्फ दिल्ली में गठबंधन के लिए राजी नहीं है।


सूत्रों की मानें तो कांग्रेस की कोशिश अपनी शर्तों पर आप से समझौता करने की है। कांग्रेस की नजर में सिर्फ दिल्ली की 7 सीटें हैं, जबकि आप गठबंधन को बड़े सियासी फलक पर देख रही है। अगर दिल्ली के अलावा हरियाणा व पंजाब में भी कांग्रेस व आप साथ-साथ चुनाव लड़ती तो करीब 30 लोकसभा सीटों पर भाजपा विरोधी वोटों को बंटने से रोका जा सकता था।

गौरतलब है कि पंजाब में मुख्य विपक्षी दल होने के साथ आप के 4 सांसद भी हैं। प्रदेश की सियासत में आप की मजबूत दखल भी है। लेकिन पंजाब के मुख्यमंत्री का गठबंधन विरोधी रुख व कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व की दुविधा को देखते हुए आप पंजाब के बिना भी समझौते के लिए राजी हो गई थी। दूसरी तरफ दिल्ली में कांग्रेस का न तो एक सांसद है और न ही विधायक। फिर भी आप समझौते के लिए तैयार है, बशर्ते हरियाणा में भी इसका विस्तार किया जाए। लेकिन अब कांग्रेस की हरियाणा इकाई व उसके राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला के बयान से साफ है कि कांग्रेस समझौता सिर्फ दिल्ली पर करेगी। जबकि हरियाणा में आप और कांग्रेस के पास फिलहाल कुछ भी नहीं है।


 दिल्ली : कांग्रेस आप गठबंधन की उम्मीदें खत्म, केजरीवाल बोले- कांग्रेस ने किया इनकार


राहुल गांधी से मिलने के बाद बोलीं शीला दीक्षित- दिल्ली में आप-कांग्रेस का नहीं होगा गठबंधन

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)