बिहार के बेगूसराय जिले के खोदावंदपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक वार्ड सदस्य का शव बरामद किया गया। वार्ड सदस्य की चाकूओं से गोदकर हत्या कर शव को मीरजापुर बांध के पास फेंक दिया गया था। फिलहाल, हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पुलिस के अनुसार, खोदावंदपुर का निवासी और बरियारपुर पश्चिमी पंचायत के वार्ड तीन के सदस्य अजीत चौधरी गुरुवार रात को किसी के फोन आने के बाद घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसके बाद परिजनों ने उनकी खेाजबीन शुरू की।
पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि सुबह जब कुछ लोग घर से टहलने निकले तब लोगों की नजर बांध पर पड़े अजीत के शव पर पड़ी, तब इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
खोदावंदपुर के थाना प्रभारी रंजन कुमार ने बताया कि शव को देखने से ऐसा लग रहा है, इनकी चाकूओं से गोदकर हत्या की गई। शरीर पर जख्मों के निशान पाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बेगूसराय अस्पताल भेज दिया है। पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।
–आईएएनएस