अगले 8 साल में सबसे ज्यादा आबादी वाला देश होगा भारत, 2050 तक इतनी होगी देश की जनसंख्या

  • Follow Newsd Hindi On  
साल 2035 तक भारत की जनसंख्या में घटेगी युवाओं की संख्या, वृद्धों की संख्या में होगी बढ़ोतरी

जनसंख्या के मामले में भारत अभी दुनिया में चीन के बाद दूसरे नंबर पर है। लेकिन, एक रिपोर्ट के मुताबिक साल 2027 तक भारत की आबादी चीन से भी ज्यादा हो जाएगी। संयुक्त राष्ट्र में अर्थव्यवस्था और सामाजिक मामलों के विभाग (यूएन-डीईएसए) ने सोमवार को इस संबंध में एक रिपोर्ट जारी की है। वर्तमान में भारत की जनसंख्या करीब 1.36 अरब और चीन की आबादी 1.42 अरब है। रिपोर्ट में संभावना जताई गई है कि 2050 तक भारत की जनसंख्या 164 करोड़ तक पहुंच जाएगी।

रिपोर्ट में कहा गया है कि 21वीं सदी के अंत तक दुनिया की आबादी लगभग 11 अरब तक पहुंच जाएगी। खास बात यह है कि 2050 तक विश्व की कुल आबादी की आधी जनसंख्या सिर्फ 9 देशों में होगी। इनमें भारत, नाइजीरिया, पाकिस्तान, कांगो, इथियोपिया, तंजानिया, इंडोनेशिया, मिस्र और अमेरिका शामिल हैं। इन देशों को संभावित जनसंख्या वृद्धि के घटते क्रम में रखा गया है।


बता दें कि वर्तमान में विश्व की आबादी 7.7 अरब है। संयुक्त राष्ट्र के अध्ययन के मुताबिक, अगले 30 साल में दुनिया की आबादी करीब 2 अरब बढ़कर 9.7 अरब होने की संभावना है। सदी के अंत तक यह आबादी अपने चरम पर करीब 10.9 अरब होगी। संयुक्त राष्ट्र अर्थव्यवस्था और सामाजिक मामलों विभाग के डायरेक्टर जॉन विल्मोथ ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि ताजा अध्ययन में पाया गया कि दुनिया की आबादी तेजी से बढ़ रही है। पिछले 69 साल में दुनिया की आबादी तीन गुना बढ़ी है। जॉन ने कहा कि रिपोर्ट से हटकर हमारा अनुमान है कि 2050 तक विश्व की आबादी 10.1 अरब और 2021 के अंत तक 12.7 अरब हो सकती है।

अगले 30 साल में भारत की जनसंख्या में 27.3 करोड़ की वृद्धि हो सकती है। इस हिसाब से 2050 तक भारत की कुल आबादी 164 करोड़ होने का अनुमान है। इस सदी के अंत तक भारत की 1.5 अरब, चीन की 1.1 अरब, नाइजीरिया की 73.3 करोड़, अमेरिका की 43.4 करोड़ और पाकिस्तान की जनसंख्या 40.3 करोड़ हो जाएगी।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)