अंतरिक्ष में अपना स्पेस स्टेशन बनाएगा भारत, इसरो चीफ के सिवन ने किया ऐलान

  • Follow Newsd Hindi On  
अंतरिक्ष में अपना स्पेस स्टेशन बनाएगा भारत, इसरो चीफ के सिवन ने किया ऐलान

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) अंतरिक्ष में एक और बड़ा मुकाम हासिल करने वाला है। इसरो (ISRO) के चीफ डॉ. के सिवन ने गुरुवार को बताया कि भारत अपना स्पेस स्टेशन लॉन्च करने की योजना बना रहा है। यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट गगनयान मिशन का ही विस्तार होगा। सिवन ने बताया कि हमें मानव अंतरिक्ष मिशन के लॉन्च के बाद गगनयान कार्यक्रम को बनाए रखना होगा। इसी के चलते भारत अपना स्पेस स्टेशन लॉन्च करने की योजना बना रहा है।

गौरतलब है कि इससे पहले इसरो प्रमुख के सिवन ने कहा था कि भारत का दिसंबर 2021 तक अंतरिक्ष में मनुष्य को भेजने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा था कि हम अपने गगनयान प्रोजेक्ट की मदद से ऐसा कर पाने में सफल होंगे । अगर हम तय समय के अंदर ऐसा कर पाते हैं तो भारत विश्व का चौथा ऐसा देश होगा जो अपने बल पर अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष में भेज सकेगा। इसरो प्रमुख ने बताया था कि भारत इस साल अप्रैल तक चंद्रयान-2 के भी लांचिंग की तैयारी में है। बता दें कि गगनयान प्रोजेक्ट की घोषणा पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की थी।


ज्ञात हो कि चंद्रमा की ओर भारत का दूसरा मिशन ‘चंद्रयान 2’ श्रीहरिकोटा से 15 जुलाई को लगभग आधी रात को रवाना होगा। इस वक्त ISRO 3.8 टन वज़न वाले उपग्रह को भेजने के लिए अंतिम रूप दे रहा है, जिस पर देश का 600 करोड़ रुपये से ज़्यादा खर्च हुआ है। प्रक्षेपण के कई हफ्ते बाद उपग्रह ‘चंद्रयान 2’ चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सॉफ्ट लैंडिंग करेगा। आपको बता दें कि यह चंद्रमा का वह हिस्सा है, जहां आज तक दुनिया का कोई भी अंतरिक्ष यान नहीं उतरा है।

साथ ही भारत की नजर अब वीनस (शुक्र) और सूर्य तक है। इसरो चेयरमैन ने भविष्य की योजनाओं के बारे में बताया कि भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान ने सूर्य, वीनस जैसे ग्रहों तक पहुंचने का लक्ष्य निर्धारित किया है।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)