देश की पहली महिला डीजीपी कंचन चौधरी भट्टाचार्य का निधन, जानिए उनके जीवन से जुड़ी कुछ खास बातें…

  • Follow Newsd Hindi On  
देश की पहली महिला डीजीपी कंचन चौधरी भट्टाचार्य का निधन, जानिए उनके जीवन से जुड़ी कुछ खास बातें...

उत्तराखंड और देश की पहली महिला डीजीपी (डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस) कंचन चौधरी भट्टाचार्य (Kanchan Chaudhary Bhattacharya) का निधन हो गया है। वह लंबे समय से बीमार चल रही थीं। सोमवार देर रात मुंबई के अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। इनके निधन से पूरा देश शोकाकुल है। 1973 बैच की आईपीएस अफसर कंचन चौधरी भट्टाचार्य 2004 में उत्तारखंड की डीजीपी बनी थीं। 31 अक्टूबर 2007 को वे पुलिस महानिदेशक के पद से रिटायर हुईं।

कंचन चौधरी भट्टाचार्य  (Kanchan Chaudhary Bhattacharya), किरण बेदी के बाद देश की दूसरी महिला आईपीएस अधिकारी थीं। वे मूल रूप से हिमाचल प्रदेश की रहने वाली थीं। देहरादून के कृषाली गांव और हरिद्वार में भी उनका घर था। कंचन चौधरी का पुलिस सेवा का पूरा करियर शानदार रहा। वह उत्तराखंड की तीसरी डीजीपी थीं। उनकी छवि एक सख्त अधिकारी की रही। डीजीपी बनने से पहले वह राज्य पुलिस के सतर्कता विभाग में तैनात रहीं। इससे पहले वह मुंबई में सीआईएसएफ में महानिरीक्षक थीं। वह यूपी कैडर की थीं लेकिन बाद में उन्होंने उत्तराखंड कैडर ले लिया था।


सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने राजनीति में भी हाथ आजमाया। उन्होंने वर्ष 2014 के आम चुनाव में आम आदमी पार्टी के टिकट पर हरिद्वार लोकसभा सीट से चुनाव भी लड़ा। हालाँकि, सियासत की बाजी में वह सफल नहीं हो सकीं। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कंचन चौधरी भट्टाचार्य के निधन पर शोक व्यक्त किया है।

देश की पहली महिला डीजीपी कंचन चौधरी भट्टाचार्य का निधन, जानिए उनके जीवन से जुड़ी कुछ खास बातें...

‘आप’ प्रमुख ने ट्वीट किया, “देश की पहली महिला डीजीपी कंचन चौधरी भट्टाचार्य के निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। वह अपनी सेवानिवृत्ति के बाद सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहीं और अंतिम सांस तक देश की सेवा करना चाहती थीं। उनकी बहुत याद आएगी।”


उत्तराखंड पुलिस ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। उत्तराखंड पुलिस की ओर से जारी शोक संदेश में कहा गया है कि 1973 बैच की आईपीएस अधिकारी श्रीमती भट्टाचार्य का उत्तराखंड पुलिस में खास योगदान रहा। पुलिस की ओर से इसके लिए उनका आभार व्यक्त किया गया।

कंचन चौधरी (Kanchan Chaudhary) के जीवन पर धारावाहिक ‘उड़ान’

एक साधारण मध्यमवर्गीय परिवार से भारतीय पुलिस सेवा (IPS) तक का सफ़र तय करने वाली कंचन चौधरी के जीवन पर नब्बे के दशक में दूरदर्शन का लोकप्रिय धारावाहिक ‘उड़ान’ बना था। उड़ान धारावाहिक महिला सशक्तिकरण पर केंद्रित था। इसमें दिखाया गया था कि कैसे कल्याणी सिंह नाम की एक युवा लड़की जो हर स्तर पर लैंगिक भेदभाव से जूझते हुए आईपीएस अधिकारी बन जाती है।

देश की पहली महिला डीजीपी कंचन चौधरी भट्टाचार्य का निधन, जानिए उनके जीवन से जुड़ी कुछ खास बातें...

यह शो ऐसे समय में आया जब महिलाओं को वर्दी में देखना असामान्य था और इस शो ने कई महिलाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए एक उत्प्रेरक के रूप में काम किया। इस धारावाहिक का लेखन और निर्देशन उनकी बहन कविता चौधरी ने किया। सीरियल में कविता ने ही कंचन चौधरी (Kanchan Chaudhary का किरदार भी निभाया था।


जानिये देश की पहली महिला विधायक और पहली महिला डॉक्टर डॉ. मुथुलक्ष्मी रेड्डी से जुड़ी कुछ खास बातें

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)