इंडोनेशिया : सुनामी से मरने वालों की संख्या हुई 430, करीब 22 हजार विस्थापित

  • Follow Newsd Hindi On  

जकार्ता, इंडोनेशियाई अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि सुंडा स्ट्रेट में ज्वालामुखी फटने के बाद आई विनाशकारी सुनामी में मरने वालों की संख्या बढ़कर 430 हो गई है जबकि करीब 22 हजार लोग विस्थापित हुए हैं। इंडोनेशियाई राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन बोर्ड (बीएनपीबी) के प्रवक्ता सुतोपो पुरवो नुगरोहो ने बताया कि शनिवार रात को आई आपदा के कारण लापता लोगों की संख्या बढ़कर 159 हो गई है जबकि 1,495 लोग घायल हुए हैं।

सुतोपो ने कहा कि जावा द्वीप के पश्चिमी तट पर स्थित गंभीर रूप से प्रभावित पांडेगलांग में 290 लोगों की मौत हुई, 1,143 लोग घायल हुए हैं और 77 लोग लापता है। इसके अतिरिक्त आपदा से 17,477 लोग प्रभावित हुए हैं।


सुंडा स्ट्रेट पर एनाक क्राकाटोओ ज्वालामुखी में विस्फोट के बाद आई सुनामी ने इंडोनेशिया के जावा और सुमात्रा द्वीप में शनिवार देर रात तबाही मचाई। इसकी पहले से कोई चेतावनी जारी नहीं हुई थी।

समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिमी तट और सुमात्रा द्वीप के दक्षिणी हिस्सों में खराब मौसम स्थिति से मानवीय सहायता व बचाव दलों के लिए हालात मुश्किल होते जा रहे हैं।

सुतोपो ने ट्वीट कर कहा कि भारी बारिश के कारण पांडेगलांग के कई इलाकों में बाढ़ आ गई है और बचाव अभियान बाधित हुआ है।


इंडोनेशिया के मौसम विभाग ने एक अलर्ट जारी कर लोगों को तटों से दूर रहने का आग्रह किया है। विभाग ने तेज लहरें आने की चेतावनी दी है।

देश ने बुधवार को 26 दिसंबर 2004 बॉक्सिंग डे को सुमात्रा के उत्तरी तट पर 9.1 की तीव्रता वाले भूकंप के कारण आई सुनामी में मारे गए 167, 799 लोगों का स्मरण भी किया।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)