इंदौर: चालान बना रहे निगम कर्मचारी को कांग्रेस पार्षद ने मारा थप्पड़

  • Follow Newsd Hindi On  
इंदौर: चालान बना रहे निगम कर्मचारी को कांग्रेस पार्षद ने मारा थप्पड़

मध्य प्रदेश के इंदौर में सोमवार को एक पार्षद ने चालान बना रहे नगर निगम कर्मचारी को थप्पड़ मार दिया। घटना इंदौर के चंदन नगर इलाके की है। निगम कर्मियों का आरोप है कि कांग्रेस पार्षद ने उनके साथ दुर्व्यवहार और बदसलूकी की है। इसके बाद जमकर हंगामा हुआ।

निगमकर्मियों का कहना है कि पार्षद मुबारिक मंसूरी ने निगम कर्मियों को पीटा और उनके साथ गाली-गलौज की। इस दौरान पार्षद समर्थकों ने भी गुंडागर्दी की। निगम कर्मियों का आरोप है कि छोटी सी बात पर पार्षद ने काम करने से रोका और मारपीट की।


प्राप्त जानकारी के मुताबिक, जोन-15 में निगमायुक्त आशीष सिंह और अपर आयुक्त रजनीश कसेरा के निर्देश पर दुकानों में अमानक पॉलीथिन रखने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की जा रही थी। सुबह 11 बजे निगमकर्मी  इकरा कैटरर्स पर पहुंचा, जहां से छह किलो अमानक पॉलीथिन मिली। इस पर दुकानदार मो. मुकीम से दो हजार रुपए का स्पॉट फाइन भरने को कहा गया। पहले तो मुकीम ना-नुकुर करता रहा, लेकिन फिर मान गया। इसी बीच वार्ड दो के पार्षद मुबारिक मंसूरी पहुंचे और पूछताछ करने लगे।

इस दौरान सहायक सीएसआई उमेश प्रजापत (39) को उन्होंने पहले धक्का दिया, फिर चांटा जड़ दिया। इस पर दुकानदार और पार्षद के पीछे खड़े छोटू शर्मा और सईद मामू ने भी प्रजापत से मारपीट कर दी। झगड़े के बीच स्पॉट फाइन का रसीद कट्टा छीन लिया और सरकारी काम में बाधा डाली।

घटना के बाद चंदन नगर पुलिस थाने में भी खूब हंगामा हुआ। पुलिस ने इस मामले में कांग्रेस पार्षद मुबारिक मंसूरी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें पार्षद निगमकर्मी से यह कहते सुने जा सकते हैं कि एक दूंगा, चुपचाप खड़े रह। बताया जा रहा है कि इसी दौरान पार्षद ने निगमकर्मी को थप्पड़ जड़ दिया। हालांकि पार्षद ने दावा किया जो वीडियो वायरल हो रहा है उसमें मैं नहीं हूं।


बताया जा रहा है कि यह सारा विवाद अमानक पॉलीथिन की थैली रखने पर नगर निगम की स्वास्थ्य विभाग की टीम की चालानी कार्रवाई के दौरान हुआ। पार्षद इस कार्रवाई से नाराज थे और उन्होंने गुस्से में नगर निगम कर्मचारी को थप्पड़ जड़ दिया।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)