JCECEB: झारखंड के बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (BAU) में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू, पढ़ें डिटेल

  • Follow Newsd Hindi On  
JCECEB: झारखंड के बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (BAU) में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू, पढ़ें डिटेल

झारखंड (Jharkhand) के इकलौते कृषि विश्वविद्यालय- बिरसा कृषि विश्वविद्यालय (BAU) में अकादमिक सत्र 2020-21 के विभिन्न स्नातक स्तरीय पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा बोर्ड (JCECEB) ने 8 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किया है।

बोर्ड ने बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों में संचालित बीएससी (प्रतिष्ठा) कृषि, बीएससी (प्रतिष्ठा) उद्यान, बीटेक (कृषि अभियांत्रिकी), बीएससी (प्रतिष्ठा) वानिकी, बीवीएससी एंड एएच, बीटेक (दुग्ध प्रोद्यौगिकी) और बैचलर ऑफ फिशरीज साइंस (बीएफएससी) के स्नातक पाठ्यक्रमों में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। पाठ्यक्रम भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद् (आईसीएआर), नई दिल्ली से मान्यताप्राप्त और राज्य सरकार से स्वीकृत है। सभी पाठ्यक्रम आवासीय शिक्षा पर आधारित है।


झारखंड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा-2020 में झारखंड के स्थानीय और स्थायी निवासी ऑनलाइन आवेदन 8 अगस्त को शाम 5:00 बजे तक कर सकते हैं। बोर्ड के वेबसाइट- jceceb.jharkhand.gov.in पर मौजूद लिंक J.C.E.C.E./2019, पर उपलब्ध आवेदन प्रपत्र को भरकर ऑनलाइन आवेदन दाखिल किया जा सकता है। इस राज्य स्तरीय संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा में शामिल होने के लिए 1 जुलाई, 2020 को न्यूनतम उम्र सीमा 17 वर्ष और अधिकतम उम्र सीमा 22 वर्ष रखी गई है। बीवीएससी एंड एएच के लिए उम्र सीमा की गणना 31 दिसंबर, 2020 के आधार पर होगी।

पांच वर्षीय बीवीएससी एंड एएच पाठ्यक्रम के लिए जीव विज्ञान, रसायन विज्ञान और भौतिकी के अलावा कोर विषय अंग्रेजी में बीएससी (प्रतिष्ठा) कृषि, बीएससी (प्रतिष्ठा) उद्यान, बीटेक बीएससी (प्रतिष्ठा) वानिकी और बैचलर ऑफ़ फिशरीज साइंस (बीएफएससी) के लिए जीव विज्ञान-गणित, रसायन विज्ञान और भौतिकी विज्ञान विषय में, बीटेक (कृषि अभियांत्रिकी) और बीटेक (दुग्ध प्रौद्योगिकी) में गणित, रसायन विज्ञान व भौतिकी विषयों में इंटरमीडिएट उत्तीर्ण होना जरूरीहै।

अनूसूचित जनजाति-अनूसूचित जाति और महिला अभ्यर्थी के लिए परीक्षा शुल्क 450 रुपए (पीसीबी/ पीसीएम) और 500 रुपए (पीसीबीएम) व अनारक्षित (सामान्य) और अन्य श्रेणी के लिए परीक्षा शुल्क 900 रुपए (पीसीबी- पीसीएम) और 1000 रुपए (पीसीबीएम) रखा गया है। कोटिवार आरक्षण व अन्य जानकारी बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है।


बीएससी ऑनर्स एग्रीकल्चर में 230 सीटें

1. बीएससी (प्रतिष्ठा) कृषि में कुल सीटों की संख्या 230 है। इसकी पढ़ाई रांची एग्रीकल्चर कॉलेज, कांके-सिदो-कान्हू कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर, गोड्डा-कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर, देवघर और कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर, गढ़वा में होगी।

2. बीएससी (प्रतिष्ठा) वानिकी में सीटों की संख्या 50 है। इसकी पढ़ाई रांची फॉरेस्ट्री कॉलेज, कांके में होगी।

3. बीटेक (कृषि अभियांत्रिकी) में सीटों की संख्या 40 है। इसकी पढ़ाई कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चरल इंजीनियरिंग, कांके में होगी।

4. बीएससी (प्रतिष्ठा) उद्यान में सीटों की संख्या 50 है। इसकी पढ़ाई कॉलेज ऑफ होर्टिकल्चर साइंस, झींकपानी (चाईबासा) में होगी।

5. बीवीएससी एंड एएच पाठ्यक्रम में सीटों की संख्या 60 है। इसकी पढाई रांची पशु चिकित्सा महाविद्यालय, कांके में होती है।

6. बीएफएससी पाठ्यक्रम में सीटों की संख्या 30 हैं और इसकी पढ़ाई कॉलेज ऑफ फिशरीज साइंस, गुमला में होगी।

7. बीटेक (दुग्ध प्रौद्योगिकी) में सीटों की संख्या 30 है। इसकी पढ़ाई फूलो झानो कॉलेज ऑफ़ डेयरी साइंस, हंसडीहा(दुमका) में होगी।

बता दें कि 85 प्रतिशत सीटों पर नामांकन बोर्ड की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा -2020 आधारित मेधा सूची के आधार पर होगा। शेष 15 प्रतिशत सीटों पर नामांकन अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा -2020 के आधार पर होगा। बीएससी (प्रतिष्ठा) कृषि और बीएससी (प्रतिष्ठा) वानिकी में आईसीएआर की मेधा सूची और बीवीएससी एंड एएच में वेटनरी काउंसिल ऑफ इंडिया (वीसीआई) की मेधा सूची के आधार पर नामांकन होगा।

बोर्ड की ओर से आयोजित प्रतियोगिता परीक्षा सबंधी विशेष जानकारी बोर्ड के हेल्पलाइन नंबर 9264473893 पर कार्यालय कार्य दिवस-समय पर प्राप्त की जा सकती है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा-2020 का आयोजन अगस्त माह में किया जाएगा।


JAC Class 12th Result 2020: झारखंड बोर्ड ने जारी किया 12वीं का रिजल्ट, यहां देखें कैसा रहा रिजल्ट

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)