झारखंड चुनाव : क्या मिथक तोड़ पाएंगे स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी?

  • Follow Newsd Hindi On  

रांची, 23 दिसंबर (आईएएनएस)| झारखंड में अब तक जितने भी चुनाव हुए हैं, मौजूदा स्वास्थ्य मंत्री को अपनी सीट गंवानी पड़ी है। इसी रोचक मिथक में रामचंद्र चंद्रवंशी भी पलामू के विश्रामपुर सीट से फंसे हुए हैं।

झारखंड में स्वास्थ्य मंत्रियों को अगले चुनाव में कभी जीत नहीं मिली। जनता ने उनके सियासी स्वास्थ को खराब किया है। राज्य के पहले स्वास्थ्य मंत्री दिनेश षाड़ंगी से लेकर राजेन्द्र प्रसाद सिंह तक की बात करें, तो अगली बार इनमें से कोई चुनाव जीतकर विधानसभा नहीं पहुंचा है।


वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी विश्रामपुर सीट से कांटे के संघर्ष में फंसे हुए हैं। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री दिनेश षाडं़गी हों या भानु प्रताप शाही, हेमेन्द्र प्रताप देहाती, वैद्यनाथ राम, हेमलाल मुर्मू और राजेन्द्र प्रसाद सिंह, सभी के सभी स्वास्थ्य मंत्री रहते हुए विधानसभा चुनाव हारे हैं।

विश्रामपुर विधानसभा सीट के लिए सोमवार को हो रही मतगणना में सातवें चक्र में चंद्रवंशी 800 से अधिक मतों से आगे हैं। सातवें चक्र के बाद भाजपा को 12,728 मत मिले हैं, वहीं कांग्रेस के चंद्रशेखर दुबे को 8813 और निर्दलीय नरेश सिंह को 11,843 मत मिल चुके हैं।

उल्लेखनीय है कि पलामू जिले में पड़ने वाली विश्रामपुर विधानसभा सीट पर रामचंद्र चंद्रवंशी और कांग्रेस के चंद्रशेखर दुबे पहले भी विधायक रह चुके हैं।


 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)