झारखंड चुनाव : तीसरे चरण का मतदान जारी, 11 बजे तक 29.44 प्रतिशत मतदान (लीड-2)

  • Follow Newsd Hindi On  

रांची, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)| झारखंड विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में गुरुवार को सुबह 11 बजे तक 29.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच शुरू हुई। इस चरण में कुल 17 सीटों के लिए मतदान हो रहा है। राज्य निर्वाचन विभाग के एक अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि राज्य के कुल आठ जिलों में मतदान हो रहे हैं। सुबह 11 बजे तक 29.44 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। रांची में सबसे कम 19 प्रतिशत, जबकि खिजरी में सबसे ज्यादा 38 प्रतिशत मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर चुके हैं।

कई मतदान केंद्रों पर मतदताताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। मतदाताओं की लंबी कतार लगी हुई है।


रांची, हटिया, कांके, रामगढ़ और बरकाठा के मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान जारी रहेगा, वहीं बाकी निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाता अपराह्न् तीन बजे तक ही मतदान कर सकेंगे।

चुनावी मैदान में इन सीटों पर कुल 309 उम्मीदवार हैं, जिनमें 32 महिलाएं भी शामिल हैं। इन प्रतिभागियों के भाग्य का फैसला 56,06,743 मतदाता करेंगे। मतदाताओं में महिलाओं की संख्या 26,73,991 है, जबकि थर्ड जेंडरों की संख्या 95 है। इस चरण की 17 सीटें रांची, हजारीबाग, छतरा, गिरीडीह, बोकारो और सरायकेला तक फैली हैं।

तीसरे चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में सीपी सिंह, रामचंद्र सहिस और नीरा यादव, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और पूर्व उप मुख्यमंत्री व ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के अध्यक्ष सुदेश महतो शामिल हैं।


2014 के विधानसभा चुनाव में इन 17 सीटों में से भाजपा, झामुमो और कांग्रेस ने क्रमश: 10, तीन और दो सीटों पर जीत दर्ज की थी।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)