झारखंड चुनाव : तीसरे चरण में 17 सीटों पर 62 फीसदी मतदान (लीड-4)

  • Follow Newsd Hindi On  

 रांची, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)| झारखंड में गुरुवार को हुए विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 17 सीटों पर कुल 61.93 फीसदी मतदान हुआ।

 चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में तीसरे चरण में 61.93 प्रतिशत मतदान हुआ। सबसे ज्यादा मतदान सिल्ली में 76.98 फीसदी दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम मतदान रांची में 49.1 फीसदी रहा।


राज्य में 12 सीटों पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और अपराह्न् तीन बजे समाप्त हो गया। इनके अलावा अन्य पांच सीटों रांची, हटिया, कांके, रामगढ़ और बरकाठा में मतदान शाम छह बजे समाप्त हुआ।

चुनावी मैदान में इन सीटों पर कुल 309 उम्मीदवार मैदान में उतरे, जिनमें 32 महिलाएं भी शामिल रहीं। इन प्रतिभागियों के भाग्य का फैसला 56,06,743 मतदाताओं ने किया। मतदाताओं में महिलाओं की संख्या 26,73,991, जबकि थर्ड जेंडर की संख्या 95 रही। इस चरण की 17 सीटें रांची, हजारीबाग, छतरा, गिरीडीह, बोकारो और सरायकेला तक फैली हैं।

शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए राज्य में 35000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया था।


झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने अपना वोट एटीआई रांची में, जबकि ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) अध्यक्ष सुदेश महतो ने अपनी पत्नी के साथ सिल्ली में वोट डाला। जयंत सिन्हा ने हजारीबाग में अपना वोट डाला।

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी अपने गृहनगर रांची में अपने परिवार के सदस्यों के साथ वोट डाला।

हजारीबाग के बूथ नंबर 225 पर एक नवविवाहित जोड़े ने वोट डाला। प्रियंका की बुधवार रात को शादी हुई थी और वह अपने पति के साथ गुरुवार सुबह मतदान के लिए पहुंची। नक्सल नेता महाराजा परमानिक के परिजनों ने ईचागढ़ में अपना वोट डाला।

तीसरे चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में सीपी सिंह, रामचंद्र सहिस और नीरा यादव, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और पूर्व उपमुख्यमंत्री व आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो शामिल हैं।

2014 के विधानसभा चुनाव में इन 17 सीटों में से भाजपा, झामुमो और कांग्रेस ने क्रमश: 10, तीन और दो सीटों पर जीत दर्ज की थी।

सात सीटों पर भाजपा, कांग्रेस और झामुमो उम्मीदवारों के बीच सीधा मुकाबला है। सिल्ली सीट के लिए मुकाबला आजसू अध्यक्ष सुदेश महतो और झामुमो की मौजूदा विधायक सीमा देवी के बीच है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंड चुनाव में मतदाताओं से वोट डालने की अपील की है।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)