झारखंड : लोक कलाकार कोरोना की जंग में कला के जरिए फैला रहे जागरूकता

  • Follow Newsd Hindi On  

मनोज पाठक

रांची । कोरोना संक्रमण से आज पूरी दुनिया सहमी हुई है। वहीं झारखंड में भारतीय लोक कल्याण संस्थान के लोक कलाकार कोरोना के खिलाफ एक योद्घा के रूप में मोर्चा संभाले हुए हैं। झारखंड के ये लोक कलाकार कोरोना की इस जंग में अपने गीत, संगीत सहित विभिन्न कलाओं के जरिए लोगों को जागरूक करने में भी जुटे हैं।


भारतीय लोक कल्याण संस्थान के लोक कलाकारों के द्वारा झारखंड राज्य के विभिन्न जिलों के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के बीच कोरोना से बचाव संबंधी जागरूकता फैलाने का कार्य किया जा रहा है। एक महीने से ज्यादा समय से चल रहे लॉकडाउन में ये कलाकार संक्रमण से बचने के उपाय एवं मनोरंजन के लिए अपनी कला का उपयोग कर रहे हैं।

इसी क्रम में संस्था एवं कलाकारों द्वारा स्थानीय भाषाओं जैसे नागपुरी, हिंदी, खोरठा, बांग्ला, पंच प्राग्निया, संथाली, उरांव, मुंडारी, मगही में गीत-संगीत, नुक्कड़ नाटक, कठपुतलियों आदि के कार्यक्रम मोबाइल से बनाकर लोगों के समक्ष प्रस्तुत किए जा रहे हैं और इन्हें सोशल मीडिया फेसबुक, व्हाट्सएप, ट्विटर, यूट्यूब के माध्यम से भी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।

स्थानीय भाषा में गीत, ड्रामा, पपेट शो सोशल साइट्स पर सुर्खियां भी बटोर रहे हैं। कई लोग संस्था के लोक कलाकारों के इस प्रयास को सराह भी रहे हैं।


भारतीय लोक कल्याण संस्था के सचिव चंद्रदेव सिंह ने आईएएनएस से कहा, “लॉकडाउन में सभी लोग घरों में रहकर अपना अधिकांश समय गुजार रहे हैं ऐसे में भारतीय लोक कल्याण संस्थान के कलाकारों का गीत से उनका मनोरंजन करना सार्थक साबित हो रहा है।”

उन्होंने बताया कि संस्था के कलाकारों द्वारा बनाए गए क्षेत्रीय भाषाओं के गीत कोरोना पर आधारित हैं। इससे लोगों का जहां मनोरंजन हो रहा है, वहीं लोग कोरोना के प्रति जागरूक भी हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि खोरठा के जानेमाने कलाकार नेपाल महतो द्वारा गाया गया गीत ‘सोशल डिस्टेंस बहुत जरूरी, रे बचके रहना’ लोगों को काफी पसंद आया है।

पूर्वी सिंहभूम जिला से प्रीति गुप्ता बांग्ला गीत ‘सुनो दादा दादी रा देसे कोराना आसेछे, मोदी सरकार लोक डाउन लोक डाउन कोरे छे, नाके मूके मास लगावे’ के जरिए लोगों का मनोरंजन कर रही हैं।

प्रीति कहती हैं, “संस्था के कालाकारों द्वारा अब तक 60 से अधिक गीत तैयार
ि
कए गए हैं, जो सोशल मीडिया पर वायरल हैं। लोग इन्हें पसंद कर रहे हैं इसलिए हम लोग भी उत्साहित हैं।”

संस्था के सचिव सिंह कहते हैं कि कलाकारों द्वारा एक लघु नाटक ‘जागते रहो’ तथा पपेट शो ‘कोरोना की जांच कराओ, शंका और संकट दोनों मिटाओ’ का निर्माण किया गया है। पपेट शो की भी काफी सराहना की गई है और लगभग 15 सौ से अधिक लोग इसको देख चुके हैं।

संस्था द्वारा सोशल डिस्टेंस हेतु गोले बनाए गए हैं ताकि लोग दूरी पर खड़े हों, साथ ही आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने के लिए भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

–आईएएनएस

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)