झारखंड में लालू ने भाजपा को जेल से हराया

  • Follow Newsd Hindi On  

रांची, 23 दिसंबर (आईएएनएस)| चारा घोटाले में रांची स्थित बिरसा मुंडा जेल में सजा काट रहे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने झारखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हार के बाद एक बार फिर अपना कौशल दिखा दिया। झारखंड में शानदार जीत हासिल करने वाले महागठबंधन में कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के साथ राजद भी है।

एक राजद नेता के अनुसार, फिलहाल रांची इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) में भर्ती लालू 81 विधानसभा सीटों वाले राज्य में महागठबंधन के लिए वरदान साबित हुए, जहां गठबंधन 48 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।


विधानसभा चुनाव से पहले जहां कांग्रेस, राजद और झामुमो सीट बंटवारे को लेकर बात कर रहे थे तब राजद प्रमुख ने अपने बेटे और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को यह फॉर्मूला अपनाने के लिए सहमत किया।

लालू इससे पहले बिहार और केंद्र में सरकार बनाने में कई बार निर्णायक भूमिका निभा चुके हैं।

नाम गोपनीय रखने की शर्त पर एक राजद नेता ने कहा कि तेजस्वी यादव अपने मन की और सीटों पर भी चुनाव लड़ना चाहते थे।


पार्टी नेता ने कहा, “उनकी इस मांग पर रांची में मौजूद होने के बावजूद तेजस्वी संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में शामिल नहीं हुए।”

उन्होंने कहा कि राजद की गैरमौजूदगी के कारण राज्य में महागठबंधन के भविष्य पर सवाल उठ गया था।

उन्होंने कहा, “हालांकि तब रिम्स में भर्ती लालूजी ने तेजस्वी को झामुमो प्रमुख हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेताओं से बात करने के लिए राजी किया।”

उन्होंने कहा, “लालू जी को पता था कि अगर तेजस्वी अपनी जिद पर अड़े रहे तो विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष टूट जाएगा, जिससे भाजपा की जीत की राह आसान हो जाएगी।”

फोन पर आईएएनएस से बात करते हुए राजद के वरिष्ठ नेता रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा, “लालूजी के अनुभव ने महागठबंधन को बचा लिया और उनके अनुभव ने ही घमंडी भाजपा को हराने में महागठबंधन की मदद की।”

उन्होंने कहा कि उचित समय पर लालू के दखल के कारण राज्य में भाजपा विरोधी दल एक हुए, क्योंकि उन्होंने तेजस्वी को राजद के लिए सात सीटों का फॉर्मूला मानने के लिए सहमत कर लिया था।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)