झारखंड : पंचायत का दुष्कर्म पीड़िता व आरोपी को जिंदा जलाने का फरमान

  • Follow Newsd Hindi On  

रांची, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)| रांची में एक ग्राम पंचायत ने दुष्कर्म पीड़िता व दुष्कर्म के संदिग्ध आरोपी दोनों को मृत्युदंड की सजा और उन्हें जिंदा जलाने का आदेश दिया। इस बीच पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पंचायत ने अरोपी के परिवार पर पांच लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है। पुलिस ने पंचायत में शामिल लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने गुरुवार को कहा कि झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझरी गांव की पंचायत ने मंगलवार देर रात आरोपी रॉबिन और 13 साल की लड़की को जिंदा जलाने का फैसला सुनाया। लड़की गर्भवती हो चुकी है।

आरोपी रॉबिन (28) पीड़िता का चाचा बताया जा रहा है।


रॉबिन को पंचायत के समक्ष पेश किया गया और उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। रॉबिन ने दावा किया कि उसने नाबालिग लड़की की सहमति से उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए हैं। नाबालिग के गर्भवती होने के बाद मामले को पंचायत लाया गया।

पंचायत ने रॉबिन के परिवार पर पांच लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया है।

पश्चिम सिंहभूम पुलिस को बुधवार को पंचायत के फैसले के बारे में पता लगा, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।


पुलिस ने पंचायत के फरमान में शामिल लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कहा कि जो लोग फरमान जारी करने में शामिल पाए जाएंगे उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)