झारखंड: चुनाव से पहले JMM-कांग्रेस को झटका, कल भाजपा में शामिल हो रहे हैं ये विधायक

  • Follow Newsd Hindi On  
झारखंड: चुनाव से पहले JMM-कांग्रेस को झटका, कल भाजपा में शामिल हो रहे हैं ये विधायक

झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले राज्य के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। साथ ही साथ नेताओं के पार्टी छोड़ने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। सत्ताधारी भाजपा विपक्षी खेमे में सेंध लगाते हुए झामुमो और कांग्रेस को बड़ा झटका देने की तैयारी में है। कांग्रेस के सुखदेव भगत व मनोज यादव और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के कुणाल षाडंगी व चमरा लिंडा का 23 अक्टूबर को भाजपा में शामिल होना तय माना जा रहा है। कांग्रेस और झामुमो के नेता पिछले एक माह से भाजपा के संपर्क में हैं।

रांची के हरमू मैदान में होगा मिलन समारोह

वहीं झामुमो के निष्कासित विधायक जेपी पटेल अपने कुछ पदाधिकारियों के साथ भाजपा का दामन थाम सकते हैं। अगर सूत्रों पर यकीन करें तो कांग्रेस विधायक बादल पत्रलेख को भी भाजपा में शामिल कराया जा सकता है। मिलन समारोह की तैयारियां भी पूरी हो चुकी हैं। रांची के हरमू मैदान में मिलन समारोह आयोजित होगा। जहां इन सभी नेताओं को भाजपा मे औपचारिक तौर पर शामिल किया जाएगा।


भाजपा का टिकट मिलने की सौ फीसद गारंटी और मनपसंद सीट से चुनाव लडऩे का भरोसा मिलने के बाद ही इन्होंने पार्टी में शामिल होने का निर्णय ले लिया है। बताया जा रहा है कि इन नेताओं की मुख्यमंत्री रघुवर दास से कई दौर की वार्ता के बाद रविवार शाम को इस संबंध में अंतिम सहमति बनी।

अधिकांश नेता पार्टी से नाराज

पार्टी छोड़ने वाले अधिकांश नेता अपनी पार्टी की बेरुखी से नाराज चल रहे हैं। कांग्रेस विधायक सुखदेव भगत खुलेआम बोल चुके हैं कि लोहरदगा लोकसभा चुनाव में उन्हें हराने का काम रामेश्वर उरांव ने किया, जो अब प्रदेश अध्यक्ष हैं। वहीं मनोज यादव अध्यक्ष पद के दावेदार थे और लोकसभा चुनाव में उनके विरोध के बावजूद फ्रेंडली फाइट में राजद को उतार दिया गया। चमरा लोकसभा चुनाव में टिकट न दिए जाने से पार्टी से खफा थे। वहीं, कुणाल षाडंगी का बैकग्राउंड शुरू से ही भाजपा का रहा है। जेपी पटेल को लोकसभा चुनाव के दौरान झामुमो ने निष्कासित कर दिया था।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)