झारखंडः ढुल्लू महतो को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस को समर्थकों ने घेरा, पिछले दरवाजे से भागे भाजपा विधायक

  • Follow Newsd Hindi On  
झारखंडः ढुल्लू महतो को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस को समर्थकों ने घेरा, पिछले दरवाजे से भागे भाजपा विधायक

झारखंड के धनबाद जिले में आने वाले बाघमारा विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) विधायक ढुल्लू महतो को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस को समर्थकों के गुस्से का सामना करना पड़ रहा है। पुलिस ने ढुल्लू महतो के बंगले को चारों तरफ से घेर लिया, लेकिन समर्थक पुलिस की राह रोककर खड़े हो गए। पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ सैकड़ों समर्थक उतर गए हैं। इनमें बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा भी शामिल हैं जो विधायक आवास के बाहर सभी धरने पर बैठे हैं और पुलिस का विरोध कर रहे हैं। विधायक ढुल्लू महतो मौके से फरार बताए जा रहे हैं।

झारखंडः ढुल्लू महतो को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस को समर्थकों ने घेरा, पिछले दरवाजे से भागे भाजपा विधायक


प्राप्त जानकारी के मुताबिक, धनबाद जिले की बरोरा थाना की पुलिस बुधवार को बाघमारा विधायक ढुल्लू महतो को गिरफ्तार करने उनके चिटाही स्थित आवास पहुंची। इस दौरान गिरफ्तारी की सूचना पाकर विधायक पुलिस को चकमा देकर पिछले दरवाजे से भाग निकले। उधर, पुलिस कार्रवाई का विरोध कर रहे भाजयुमो के कतरास मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र गुप्ता, अजय गोराई, बिट्टू सिंह और डंपी मंडल को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चारों विधायक के समर्थक बताए जा रहे हैं।

झारखंडः ढुल्लू महतो को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस को समर्थकों ने घेरा, पिछले दरवाजे से भागे भाजपा विधायक

बता दें, बाहुबली विधायक ढुल्लू महतो पर पूर्व भाजपा नेत्री से दुष्कर्म के प्रयास का आरोप है। हालांकि, पुलिस अभी कुछ भी बताने से इनकार कर रही है कि विधायक को किस मामले में गिरफ्तार करने पहुंची थी। विधायक की महिला समर्थकों ने पुलिस की कार्रवाई का घोर विरोध किया, जिसकी वजह से पुलिस को वहां से खाली हाथ लौटना पड़ा।


फरार विधायक की तलाश जारी

चिटाही स्थित आवास पर विधायक के नहीं मिलने पर बरोरा थाना की पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद फरार विधायक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। आशंका जतायी जा रही है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए ढुल्लू महतो राज्य से बाहर भाग सकते हैं।

पुलिस के मुताबिक, पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने के आरोप में ढुल्लू समर्थक अजय गोराई, बिट्टू सिंह को चिटाही जबकि धर्मेंद्र गुप्ता को कतरास से और डंपी मंडल को कोडाडीह से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद विधायक की पत्नी सावित्री देवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके पुलिस पर मनमानी करने का आरोप लगाया है।


क्या झारखंड में भाजपा विधायक दल के नेता चुने जाएंगे मरांडी?

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)