झारखंड: बीजेपी में शामिल होंगी राजद की प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी, कोडरमा से लड़ सकती हैं चुनाव

  • Follow Newsd Hindi On  
झारखंड: बीजेपी में शामिल होंगी राजद की प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी, कोडरमा से लड़ सकती हैं चुनाव

रांची। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की झारखंड प्रदेश प्रमुख अन्नपूर्णा देवी और पार्टी के दो पूर्व विधायकों के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की संभावना है। साथ ही पूर्व मंत्री को कोडरमा लोकसभा क्षेत्र से भाजपा द्वारा मैदान में उतारे जाने की संभावना है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, राज्य में भाजपा के खिलाफ प्रस्तावित महागठबंधन में राजद को पलामू लोकसभा सीट की पेशकश की गई है। जबकि राजद चतरा लोकसभा सीट की भी मांग करता रहा है।

अन्नपूर्णा देवी के अलावा, दो पूर्व विधायकों हुसैनाबाद के संजय सिंह यादव और चतरा के जनार्दन पासवान के भी बीजेपी में शामिल होने के कयास लगाए जा रहे हैं।


झारखंड बीजेपी के एक विशेष सूत्र की मानें तो “अन्नपूर्णा देवी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता के माध्यम से केंद्रीय नेतृत्व के संपर्क में हैं। कल तक किसी बड़ी खबर की उम्मीद कर सकते हैं।”

शुक्रवार रात को प्रत्याशी चयन पर विचार-विमर्श के बाद बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने कोडरमा सीट के साथ दो अन्य सीटों पर अंतिम फैसला नहीं लिया है। अन्नपूर्णा पूर्व में दो बार कोडरमा विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं और राज्य में यूपीए सरकार में मंत्री थीं।

आपको बता दें कि अन्नपूर्णा देवी का फोन दिन भर बंद रहा और उन्होंने इस मामले में कोई टिप्पणी नहीं की है। हालाँकि, राजद के प्रवक्ता सतरूपा पांडे ने इसे फर्जी खबर बताया। उन्होंने कहा, “ये सब अफवाहें हैं। हमारी पार्टी के अध्यक्ष अस्वस्थ हैं और वह आराम कर रही हैं।


ज्ञात हो कि पिछले हफ्ते, JVM (P) के दो पूर्व लोकसभा उम्मीदवार, पलामू से प्रभात भुइयां और चतरा से नीलम देवी भाजपा में शामिल हुए। नीलम देवी को चतरा सीट से जीतने की संभावना सबसे ज्यादा बताई जा रही है।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)