झारखंड: सरकारी अस्पताल में पेट दर्द का इलाज कराने गए 2 युवक, डॉक्टर ने लिख दी प्रेग्नेंसी टेस्ट

  • Follow Newsd Hindi On  
झारखंड: सरकारी अस्पताल में पेट दर्द का इलाज कराने गए 2 युवक, डॉक्टर ने लिख दी प्रेग्नेंसी टेस्ट

झारखंड के चतरा जिले के सिमरिया इलाके के एक सरकारी अस्पताल से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसके चलते स्वास्थ्य विभाग को शर्मिंदगी झेलनी पड़ रही है। अस्पताल के एक डॉक्टर ने दो लड़कों को पेट दर्द की शिकायत होने के बाद वो टेस्ट लिखा, जो गर्भवती महिलाओं के लिए होता है। बताया जा रहा है कि सिमरिया रेफरल अस्पताल में 2 युवक पेट दर्द की शिकायत लेकर गए थे। जानकारी के मुताबिक, डॉक्टर ने दोनों को एएनसी (एंटी नेटल चेकअप) टेस्ट कराने के लिए लिख दिया। यह टेस्ट प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए होता है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चोरबोरा गांव में रहने वाले 2 युवक पेट दर्द से पीड़ित थे। युवकों के नाम गोपाल गंझू और सुधु गंझू हैं। दोनों युवक इलाज कराने के लिए 1 अक्टूबर के दिन सिमरिया के सरकारी अस्पताल पहुंचे। ड्यूटी पर तैनात डॉ. मुकेश ने उनकी जांच की और पर्ची पर कुछ टेस्ट लिखकर दे दिए। दोनों लड़के ये टेस्ट कराने के लिए एक प्राइवेट पैथोलॉजी लैब पहुंचे। पैथलॉजिस्ट डॉक्टर की लिखी पर्ची देख हैरान रह गया। उसने बताया कि पर्ची में प्रेग्नेंसी की जांच कराने के लिए लिखा गया है। इसके बाद पैथलॉजिस्ट ने बाकी जांच कर दीं, लेकिन एएनसी टेस्ट करने से साफ इनकार कर दिया। ऐसे में दोनों युवक अपने-अपने घर लौट गए। बता दें, ANC टेस्ट प्रेगनेंट औरतों के लिए होता है। सरकारी डॉक्टर की लिखी इस पर्ची का फोटो सोशल मीडिया पर अब वायरल हुआ है।


इस मामले की जानकारी मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन सकते में है। सरकारी अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. अरुण कुमार पासवान ने कहा, ‘‘मामले की जानकारी मिलते ही प्रभारी को जांच का आदेश दिया गया है। साथ ही, 2 दिन में रिपोर्ट मांगी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद संबंधित डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।’’

डॉक्टर ने कहा- बदनाम करने की साजिश

बता दें कि सिमरिया के सरकारी अस्पताल की ओर से जारी पर्ची 17028 व 17032 पर एचआईवी, एचबीए (हीमोग्लोबिन), एचसीसी (हैपोटोसेलुलर कार्सिनोमा), सीबीसी (कंप्लीट ब्लड काउंट) और एएनसी (एंटी नेटल चेकअप) कराने के लिए लिखा गया था। हालांकि, डॉ. मुकेश कुमार ने इस मामले में उन्हें बेवजह बदनाम करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पुरुष को एएनसी टेस्ट लिखने की बात गलत है। रजिस्टर में एएनसी जांच नहीं लिखी गई है। दोनों पर्ची पर ओवरराइटिंग की गई है।

क्या होता है ANC टेस्ट?

ANC का फुलफॉर्म होता है- एंटी नेटल चेकअप। ये चेकअप प्रेग्नेंट औरतों को कराना होता है। इससे पेट में पल रहे बच्चे के विकास के बारे में पता चलता है। हर प्रेगनेंट महिला को 9 महीनों के दौरान चार बार ANC चेकअप कराना चाहिए।



बिहार: डॉक्टरों का कारनामा- हाइड्रोसील की जगह कर दिया पैर का ऑपरेशन

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)