झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में एक शख्स ने तांत्रिक के बहकावे में आकर अपनी नानी की हत्या कर दी। घटना पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र के बालिबंध मुंडा टोला की है, जहां विजय बिरुवा ने अपनी नानी की गला दबाकर जान ले ली। विजय की पत्नी लंबे समय से बीमार चल रही थी और एक तांत्रिक ने उसे बताया कि पत्नी की बीमार की जिम्मेदार उसकी नानी है। तांत्रिक ने यह भी कहा कि उसकी नानी डायन है। नानी की हत्या करने के बाद आरोपी विजय ने खुद ही थाने में सरेंडर कर दिया।
पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं आरोपी को अपने किये का जरा भी अफसोस नहीं है। घटना सोमवार रात करीब 10 बजे की है। मंगलवार की सुबह पुलिस को सूचना मिली। इसके बाद थाना प्रभारी अकील अहमद घटनास्थल पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया गया। थाना प्रभारी ने हत्यारोपित विजय बिरुवा से पूछताछ की तो उसने बताया कि उसकी पत्नी विगत कई माह से बीमार थी।
गांव में ही चिकित्सकों से इलाज कराया। इलाज में 8-9 हजार रुपये खर्च हो गए। पत्नी ठीक नहीं हुई। इसके बाद धर्मगुरु राउडिय़ा डिगली हेंब्रम के पास ले जाकर झाड़ फूंक कराया। धर्मगुरु ने बताया कि नानी ननिका बिरुवा डायन है। उसी के कारण पत्नी की तबीयत ठीक नहीं हो रही है। यह सुन कर गुस्से में उसने सोमवार की रात नानी की गला दबाकर हत्या कर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि धर्मगुरु भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।