उपचुनाव LIVE: जींद, रामगढ़ और तिरुवरूर में मतदान जारी

  • Follow Newsd Hindi On  

हरियाणा की जींद, राजस्थान की रामगढ़, तमिलनाडु की तिरुवरूर सीट पर हो रहे उपचुनाव को लिए सोमवार को मतदान जारी है। ठिठुरन के बावजूद कुछ मतदान केंद्रों पर सुबह से ही लोग कतारों में खड़े नजर आ रहे हैं। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ है और शाम पांच बजे तक जारी रहेगा। मतदान के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। वोटों की गिनती गुरुवार 31 जनवरी को होगी। लोकसभा चुनाव 2019 से पहले ये आखिरी उपचुनाव हैं। ऐसे में इन चुनाव के परिणाम कांग्रेस और बीजेपी के लिए काफी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।

हरियाणा के जींद सीट पर हो रहे उपचुनाव में दो महिला उम्मीदवारों सहित 21 उम्मीदवार प्रत्याशी मैदान में हैं। बीजेपी से डॉ. कृष्णलाल मिढ़ा, कांग्रेस से रणदीप सिंह सुरजेवाला और इनेलो से उम्मेद सिंह शामिल हैं। इसके अलावा सांसद दुष्यंत चौटाला के भाई दिग्विजय सिंह चौटाला के मैदान में उतरने से मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है। जींद में 1.72 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाता हैं। 1.7 लाख पंजीकृत मतदाताओं में से अनुसूचित जाति व पिछड़ा वर्ग का लगभग 50 प्रतिशत और जाटों का लगभग 25 प्रतिशत वोट है। यह उपचुनाव जींद से इनेलो विधायक डा. हरिचंद मिढ़ा के निधन के चलते हो रहा है।


वहीं, राजस्थान के अलवर जिले की रामगढ़ विधानसभा सीट पर कुल 20 प्रत्याशी हैं, लेकिन कांग्रेस, बीजेपी और बसपा के बीच मुकाबला है। बसपा से पूर्व केन्द्रीय मंत्री नटवर सिंह के पुत्र जगत सिंह, कांग्रेस से साफिया जुबेर खान और बीजेपी से सुखवंत सिंह मैदान में हैं। बता दें कि राजस्थान विधानसभा चुनाव से कुछ दिन पूर्व रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह के निधन के चलते इस सीट पर मतदान नहीं हो सके थे। रामगढ़ विधानसभा सीट पर 2.35 लाख वोटर हैं, जिनमें से 1.10 लाख महिला मतदाता है। उपचुनाव के लिये 278 मतदान केंद्र बनाये गए हैं।

वहीं, तमिलनाडु की तिरुवरूर सीट से विधायक डीएमके सुप्रीमो एम करुणानिधि की मौत के बाद से सीट रिक्त हुई है।


जींद उपचुनाव से हरियाणा की राजनीति गरमाई


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)