जन आकांक्षाओं को पूरा कर सकते हैं क्षेत्रीय दल : कुमारस्वामी

  • Follow Newsd Hindi On  

कोलकाता, 19 जनवरी (आईएएनएस)| सभी क्षेत्रीय दलों को एकजुट होने का आह्वान करते हुए कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच.डी. कुमारस्वामी ने शनिवार को कहा कि केवल क्षेत्रीय दल ही जन आकांक्षाओं को पूरा कर सकते हैं। उन्होंने केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को कागजी बाघ बताया। यहां ब्रिगेड परेड मैदान में यूनाइटेड इंडिया रैली में उन्होंने कहा, “गैर-भाजपा नेताओं को हाथ मिला लेना चाहिए और उसे जड़ से उखाड़ फेंकना चाहिए। भाजपा सिर्फ कागजी बाघ है। हम क्षेत्रीय दल जन आकांक्षाओं को समझ सकते हैं और पूरा कर सकते हैं।”

उन्होंने कहा, “मुझे दृढ़ विश्वास है कि क्षेत्रीय दलों में जनता से जुड़ने और उनकी राज्य की जनता के मन को समझने की मजबूत क्षमता है।”


उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा, “तमिलनाडु में हमने देखा कि दिवंगत एम. करुणानिधि ने जन आकांक्षाओं को पूरा कर जनता का दिल जीत लिया था।”

उन्होंने कहा, “इसी तरह उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी(सपा)-बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने शानदार काम किया है। आंध्र प्रदेश की बात करें तो मुख्यमंत्री एम. चंद्रबाबू नायडू ने राज्य को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है।”

उन्होंने कहा, “ममता बनर्जी ने पिछले सात सालों में पश्चिम बंगाल को बदल दिया है। उन्होंने राज्य की महिलाओं को सशक्त किया है।”


उन्होंने कहा, “सभी क्षेत्रीय दल उनके राज्यों की भलाई के लिए प्रयासरत हैं। असली भारत जमीनी स्तर पर है। यह दुनिया का एक सबसे मजबूत लोकतंत्र है।”

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)