कांग्रेस नेता ने अमित शाह की सेहत का उड़ाया मजाक

  • Follow Newsd Hindi On  

बेंगलुरू, 17 जनवरी (आईएएनएस)| कांग्रेस के कर्नाटक के एक वरिष्ठ नेता ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष अमित शाह की स्वास्थ्य स्थिति का मजाक बनाया और इसे राज्य के राजनीतिक घटनाक्रम से जोड़ दिया। अमित शाह को दिल्ली में स्वाइन फ्लू के इलाज के लिए एम्स में दाखिल कराया गया है।

कांग्रेस सांसद बी.के.हरिप्रसाद ने पार्टी के एक कार्यक्रम में कहा, “अमित शाह को घबराहट की वजह से बुखार हुआ है। वह घबरा गए क्योंकि कुछ विधायक (कांग्रेस के) लौट आए हैं। अगर वह कांग्रेस-जद (एस) की सरकार को गिराते तो उन्हें उल्टी व लूज मोशन होता। इस वजह से उन्हें स्वाइन फीवर हुआ है।”


उनकी टिप्पणी पर भाजपा ने हमला किया है। भाजपा ने कांग्रेस पार्टी से सार्वजनिक माफी की मांग की है।

पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा ने हरिप्रसाद की टिप्पणी को अप्रिय बताया है और कहा कि यह सिर्फ कांग्रेस की संस्कृति को दिखाता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपनी पार्टी के प्यार फैलाने के बारे में बात करते हैं। पात्रा ने कहा कि क्या यही वह प्यार की संस्कृति है जिसे वे फैला रहे हैं।


उन्होंने कहा, “कांग्रेस पार्टी को इन टिप्पणियों के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।”

अमित शाह (54) को बुधवार को स्वाइन फ्लू के संक्रमण के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)