कांग्रेस पार्टी और कुछ दल किसानों को भटका रहे : जफर इस्लाम

  • Follow Newsd Hindi On  

लखनऊ, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा है कि कांग्रेस पार्टी और कुछ दल कृषि कानूनों पर किसानों को भटकाने का काम कर रहे हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता व राज्यसभा सदस्य डॉ. सईद जफर इस्लाम ने गुरुवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में उपचुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से कहा कि पश्चिमी यूपी में कांग्रेस और कुछ राजनीतिक दलों ने किसानों को भटकाने का काम किया है। भाजपा सरकार किसान हितैषी सरकार है और इसलिए केंद्र सरकार ने कृषि विधेयकों को लाने का काम किया है, इससे किसान और मजबूत होगा।


उन्होंने कहा कि हम किसानों को बताना चाहते हैं उनकी एक इंच जमीन कोई नहीं ले सकता। कांग्रेस पार्टी और कुछ दल किसानों को भटकाने का काम कर रहे हैं। किसानों को मंडी में उनकी उपज की अच्छी कीमत देने का काम किया जाएगा। मंडियों में किसानों को लाभ मिलेगा।

राज्यसभा सदस्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा परिवारवाद को बढ़ावा दिया है और इसीलिए उन्होंने पांचवीं बार रामगोपाल यादव को फिर राज्यसभा भेजने का काम किया। उन्होंने सवाल किया कि राहुल गांधी हाथरस हिंसा के आरोपियों के परिजनों से क्यों मिले। वो उनसे हुई वार्ता को सार्वजनिक करें। राहुल गांधी ने कौन सी बातें की है वह जनता को बताएं।

जफर इस्लाम ने कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश में सात उपचुनाव वाली सीटों का दौरा किया है। भाजपा सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ की नीति पर काम करती है। जमीन पर नारा आत्मसात होता दिख रहा है और हर समाज के लोग सरकार की नीतियों से जुड़े हैं। हम सरकारी योजनाओं को बिना भेदभाव के नीचे तक ले जाते हैं।


–आईएएनएस

विकेटी-एसकेपी

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)