कंगना रनौत की बहन रंगोली चंदेल का ट्विटर अकाउंट सस्पेंड, किए थे विवादित ट्वीट

  • Follow Newsd Hindi On  
कंगना रनौत की बहन रंगोली चंदेल का ट्विटर अकाउंट सस्पेंड, किए थे विवादित ट्वीट

बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत की बहन रंगोली चंदेल का ट्विटर अकाउंट सस्पेंड हो गया है। बताया जा रहा है कि रंगोली चंदेल ने कुछ विवादित ट्वीट किये थे, जिसके चलते ट्विटर ने उनका अकाउंट सस्पेंड कर दिया है। रंगोली आए दिन अपने बयानों को लेकर विवादों में घिर जाती हैं। इस बार तो रंगोली ने अपने ट्वीट में पुलिसवालों और डॉक्टर्स पर हमला करने वालों के साथ जमात के लोगों को भी निशाने पर लेते हुए गोली मारने की बात कह दी।


बुधवार को रंगोली ने एक ऐसा ट्वीट किया है जिसे लेकर सोशल मीडिया में तमाम यूजर्स उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। रंगोली ने ट्वीट करते हुए कहा, ”एक जमाती कोरोना वायरस से मर गया। जब डॉक्टर्स और पुलिसवाले इन्हें चेक करने गए तो ये उन पर हमला करते हैं और मार देते हैं। सेक्युलर मीडिया और फेक मुल्लाओं को एक लाइम में खड़ा कर के गोली मार देनी चाहिए। हमें इतिहास की परवाह नहीं करनी चाहिए कि कोई हमें नाजी कहेगा। जिंदगी फेक इमेज से ज्यादा कीमती है।”

मुरादाबाद की घटना के बाद रंगोली ने किया ये ट्वीट

दरअसल, बुधवार (15 अप्रैल) को यूपी में मुरादाबाद के नवाबपुरा पुलिस थाना क्षेत्र में कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीज को अस्पताल ले जाने के लिए पहुंची डॉक्टरों और मेडिकल स्टाफ की टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया। इस हमले कई लोग घायल हो गए। इतना ही नहीं, डॉक्टरों, पैरा मेडिकल टीम और एंबुलेंस की सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस टीम पर भी हमला किया गया। घटना की तस्वीरें और वीडियो भी सामने आए। रंगोली का ये विवादित ट्वीट यूपी के मुरादाबाद में डॉक्टर और पुलिस की टीम पर हुए हमले के बाद आया था।


रंगोली के इस ट्वीट पर ट्विटर यूजर्स भड़क गए। लोग उनके खिलाफ हिंसा के लिए उकसाने और नफरत फैलाने के आरोप में एफआईआर दर्ज करने की मांग करने लगे। लोग लिखने लगे कि इस तरह से सरेआम कोई सेलिब्रिटी किसी को हिंसा के लिए कैसे उकसा सकता है। कुछ यूजर्स ने ट्विटर से उनका अकाउंट संस्पेंड करने की मांग की। कुछ लोगों ने मुंबई पुलिस को भी टैग करते हुए रंगोली की शिकायत की।

रंगोली ने अपने ट्वीट में दी गलत जानकारी

बता दें कि अब तक मिली जानकारी में कहीं ये बात सामने नहीं आई है कि मुरादाबाद की घटना में किसी भी डॉक्टर या फिर सुरक्षाकर्मी की जान गई है। हालांकि रंगोली ने अपने ट्वीट में ये गलत जानकारी दी है। वहीं डॉक्टरों और पुलिस की टीम पर हमले के मामले में 17 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार किए गए लोगों में 10 पुरुष और 7 महिलाएं शामिल हैं। इन सभी पर NSA और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा चलेगा।


यूपी: कोरोना संदिग्ध को लेने गई टीम पर पथराव में डॉक्टर समेत कई स्वास्थ्यकर्मी घायल

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)