कर्नाटक : बीएस येदियुरप्पा आज शाम 6 बजे लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ, चौथी बार बनेंगे सीएम

  • Follow Newsd Hindi On  

कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन की 14 महीने की सरकार गिरने के बाद अब बीएस येदियुरप्पा चौथी बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री बनेंगे। आज सुबह 10 बजे उन्होंने राज्यपाल वजुभाई वाला से मुलाकात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया। बीएस येदियुरप्पा ने राज्यपाल से मुलाकात के बाद बताया कि वो आज शाम 6 बजे मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। कर्नाटक में मंगलवार को भारी सियासी उठापटक के बाद कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन की सरकार गिर गई थी। अब येदियुरप्पा चौथी बार सीएम बन सकते हैं।

खबरों के अनुसार राज्यपाल से मुलाकात के बाद येदियुरप्पा ने कहा, ‘मैंने गवर्नर से अभी मुलाकात की है। आज शाम 6 बजे मैं मुख्यमंत्री पद की शपथ लूंगा।’ कर्नाटक विधानसभा में हुए फ्लोर टेस्ट में भारतीय जनता पार्टी ने वो जादुई आंकड़ा छू लिया है जो कर्नाटक में सत्ता हासिल करने के लिए जरूरी होता है। फ्लोर टेस्ट में कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन को 99 वोट मिले तो वहीं बीजेपी को 105 वोट मिले थे।


गौरतलब है कि गुरुवार को विधानसभा के स्पीकर के.आर. रमेश ने तीन कांग्रेस विधायकों को दलबदल कानून के तहत अयोग्य घोषित ठहराते हुए कहा कि ये अगले विधानसभा चुनाव तक यानी साल 2023 से पहले चुनाव नहीं लड़ सकते।

बता दें कि कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन ने 14 महीने 116 विधायकों के साथ सरकार चलाई। 1 जुलाई को कांग्रेस के दो विधायकों के इस्तीफे के बाद पिछले 23 दिन से राज्य में सियासी उठापटक का माहौल था। राज्य में कुल 15 विधायकों के इस्तीफे के बाद 18 जुलाई को फ्लोर टेस्ट की तारीख तय हुई थी। लेकिन बार-बार हंगामे के कारण फ्लोर टेस्ट नहीं हो सका। फ्लोर टेस्ट में हारने के बाद एचडी कुमारस्वामी ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिय।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)