कर्नाटक: भाजपा के डिप्टी CM बोले- खराब नहीं, अच्छी सड़कों की वजह से होती है दुर्घटना

  • Follow Newsd Hindi On  
कर्नाटक: भाजपा के डिप्टी CM बोले- खराब नहीं, अच्छी सड़कों की वजह से होती है दुर्घटना

जब से देश में नया मोटर व्हीकल एक्ट लागू हुआ है तब से ट्रैफिक विमर्श काफी बढ़ गया है। देश भर में इसपर बहस चल रही है और जुर्माने की खबरें सुर्खियां बटोर रही हैं। कर्नाटक की भाजपा सरकार के डीप्टी CM ने अब इस विमर्श को आगे बढ़ाया है।

दुर्घटनाएं खराब सड़कों की वजह से नहीं होतीं, बल्कि इसलिए होती हैं, क्योंकि सड़कें अच्छी हालत में हैं। यह अजीबोगरीब बयान दिया है कर्नाटक के डिप्टी CM गोविंद करजोल ने।


उपमुख्यमंत्री गोविंद करजोल ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कन्नड़ भाषा में कहा, “हर साल, राज्य में लगभग 10,000 दुर्घटनाएं रिपोर्ट की जाती हैं। मीडिया इनका दोष खराब सड़कों पर मढ़ता है, लेकिन मेरा मानना है कि ऐसा अच्छी सड़कों की वजह से होता है।”

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग 120-160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गाड़ी चलाते हैं। अधिकांश दुर्घटनाएं हाईवे पर होती है। साथ ही उन्होंने नए मोटर व्हीकल एक्ट को लेकर कहा कि वो ज्यादा जुर्माना राशि का समर्थन नहीं करते हैं। राज्य मंत्रिमंडल जुर्माना राशि पर चर्चा करेगा।

गौरतलब है कि गोविंद करजोल कर्नाटक की बी.एस. येदियुरप्पा सरकार में उपमुख्यमंत्री हैं। उन्हें पिछले महीने डॉ अश्वत नारायण तथा लक्ष्मण सावदी के साथ उपमुख्यमंत्री नियुक्त किया गया था। डिप्टी CM होने के अतिरिक्त गोविंद करजोल लोक निर्माण विभाग (PWD) तथा समाज कल्याण मंत्री भी हैं।


(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)