केजरीवाल ने परिवार संग वोट डाला, हैट्रिक की उम्मीद

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 8 फरवरी (आईएएनएस)| दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को अपने परिवार के साथ यहां वोट डाला, उन्होंने कहा कि वह अपने तीसरे कार्यकाल को लेकर अशान्वित हैं। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। अगर वह फिर से चुने जाते हैं, तो यह उनके लिए सीट से और साथ ही मुख्यमंत्री के रूप में कार्यकाल के लिए एक हैट्रिक होगी।

कड़ी सुरक्षा के बीच केजरीवाल ने सिविल लाइंस इलाके में राजपुरा ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी में अपना वोट डाला।


उनके साथ उनके माता-पिता, पत्नी और बेटा थे।

उनकी बेटी, जो चुनाव प्रचार के दौरान आम आदमी पार्टी के लिए प्रचार करते दिखाई देती थीं, वह हालांकि परिवार के साथ नहीं नजर आईं।

पार्टी और इसके नेताओं ने उनके परिवार के साथ वोटिंग नहीं करने के कारण के बारे में नहीं बताया। हालांकि, मतदान का समय शाम 6 बजे तक है।


अपने परिवार के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए, केजरीवाल ने ट्वीट किया, “अपने परिवार के साथ वोट डाला, जिसमें पहली बार वोट डाल रहा मेरा बेटा भी शामिल है। सभी युवा मतदाताओं से वोट डालने का आग्रह है। आपकी भागीदारी लोकतंत्र को मजबूत करती है।”

वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए केजरीवाल ने कहा कि वह चाहते हैं कि ज्यादा से ज्यादा महिलाएं घरों से बाहर निकलकर वोट डालें।

उन्होंने कहा, “सभी को जाकर अपना वोट डालना चाहिए। यह किसी भी पार्टी के लिए हो सकता है, लेकिन सभी को मतदान करना चाहिए। मैं विशेष रूप से महिलाओं से बाहर निकलने और मतदान करने का आग्रह करता हूं। कभी-कभी ऐसा होता है कि महिलाएं घर पर रहती हैं और वोट नहीं डालती हैं। किसी को भी आज घर पर नहीं होना चाहिए।”

केजरीवाल ने कहा कि उन्हें भरोसा है कि लोग चुनाव में काम और विकास के लिए वोट करेंगे और उम्मीद जताई कि आप तीसरी बार चुनी जाएगी।

मतदान के लिए बाहर निकलने से पहले, केजरीवाल ने अपने माता-पिता से आशीर्वाद लिया और उसी का एक वीडियो भी साझा किया।

केजरीवाल को भाजपा के सुनील यादव और कांग्रेस के रोमेश सभरवाल द्वारा नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र से चुनौती दी जा रही है।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)