केरल में कोरोनावायरस के दूसरे मामले की पुष्टि (लीड-1)

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 2 फरवरी (आईएएनएस)| केरल में कोरोनावायरस के दूसरे मामले की पुष्टि हो गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को यह घोषणा की। मंत्रालय के अनुसार, रोगी को एकांत में रखा गया है। उसकी हालत स्थिर है और उसकी निगरानी की जा रही है।

मंत्रालय ने कहा कि रोगी का चीन की यात्रा करने का इतिहास रहा है।


भारत में सबसे पहला कोरोनावायरस का मामला गुरुवार को केरल के त्रिशूर में सामने आया। चीन के वुहान से भारत लौटी एक छात्रा इस वायरस से संक्रमित पाई गई थी। अस्पताल में उसे अलग से रखा गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा कि केंद्र सरकार कोरोनावायरस से निपटने के लिए सभी जरूरी कदम उठा रही है।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 18 जनवरी से यात्रियों की हवाई अड्डे पर स्वास्थ्य जांच की जा रही है। मंत्रालय ने यह भी कहा कि चीन से आने वाले यात्रियों के साथ ही सिंगापुर, हांगकांग और थाईलैंड से आने वाले यात्रियों की भी स्क्रीनिंग की जा रही है।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 31 जनवरी के बाद से 21 हवाई अड्डों में 326 फ्लाइट के कम से कम 52,332 यात्रियों की जांच की गई है। मंत्रालय 26 राज्यों में यात्रियों की सामुदायिक निगरानी भी कर रहा है।


स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि 130 नमूने लिए गए थे, जिनमें से 128 का परीक्षण नकारात्मक रहा। वायरस से संक्रमित होने के केवल दो ही मामले सामने आए हैं। पहले मामले पर करीब से नजर रखी जा रही है और हालत स्थिर है।

मंत्रालय ने यह भी जानकारी दी कि चीन से लाए गए व्यक्तियों को सेना और आईटीबीपी द्वारा स्थापित शिविरों में रखा जा रहा है जहां इनकी जांच और स्वास्थ्य निगरानी की जा रही है।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)