खेल जगत ने दी बलबीर सिंह सीनियर को श्रद्धांजलि

  • Follow Newsd Hindi On  
बलबीर सिंह सीनियर: हॉकी के महान खिलाड़ी ने हमेशा ऊंचा रखा तिरंगा

नई दिल्ली, 25 मई (आईएएनएस)। भारत के महान हॉकी खिलाड़ी और तीन बार ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे बलबीर सिंह सीनियर का सोमवार को 96 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन पर पूरा खेल जगत दुखी है और सोशल मीडिया के माध्यम से उनको श्रद्धांजलि दे रहा है।

वह आठ मई से मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती थे।


भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने बलबीर के निधन पर शोक जताया और ट्वीट करते हुए लिखा, “महान खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।”

ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता निशानेबाज अभिनव बिंद्रा ने लिखा, “भारत के महान ओलंपियन खिलाड़ियों में से एक बलबीर सिंह सीनियर के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। उनकी तरह के खिलाड़ी और रोल मॉडल काफी कम होते हैं। उनको जानना काफी सम्मान की बात है। मुझे उम्मीद है कि उनका उदाहरण पूरे विश्व को प्ररेणा देता रहेगा।”

भारतीय हॉकी टीम के गोलकीपर पी.आर. श्रीजेश ने भी ट्वीट के माध्यम से बलबीर सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया।


उन्होंने लिखा, “महान ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर के निधन की खबर सुनकर मैं काफी दुखी हूं। उनके परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं। मैं भगवान से दुआ करूंगा कि वह उनके परिवार को ताकत दे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।”

महान महिला धावक पी.टी. उषा ने लिखा, “बलबीर सिंह सीनियर के निधन की खबर सुनकर काफी दुख पहुंचा। वह बेहतरीन खिलाड़ी और रोल मॉडल थे, जिनको शब्दों में बयां किया जाना मुश्किल है। उनके परिवार, दोस्तों, प्रशंसकों के साथ मेरी संवेदनाएं।”

–आईएएनएस

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)