खेल जगत ने ऋषि कपूर को दी भावपूर्ण श्रद्धांजलि

  • Follow Newsd Hindi On  

नई दिल्ली, 30 अप्रैल (आईएएनएस)। खेल जगत ने ऋषि कपूर के निधन पर गहरा शोक जताया है जिनका गुरुवार सुबह 67 साल की उम्र में कैंसर के कारण निधन हो गया। ऋषि को बुधवार रात को मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

ऋषि कपूर के निधन की खबर अभिनेता इरफान खान की मौत के एक दिन बाद आई। बुधवार को इरफान खान का निधन हो गया था।


ऋषि कपूर अपने पीछे पत्नी नीतू, बेटे रणबीर कपूर और बेटी रिद्धिमा को छोड़ गए हैं।

भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली ने ट्वीट किया, “यह अवास्तविक और अविश्वस्नीय है। कल इरफान खान और आज ऋषि कपूर जी। यह बात पचा पाना मुश्किल है कि एक लीजेंड आज चला गया। उनके परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।”

पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने लिखा, “ऋषि जी की मौत की खबर सुनकर काफी दुखी हूं। मैं उनकी फिल्में देखकर बढ़ा हुआ था और जब भी हम मिलते थे तो वो काफी अच्छे से मिलते थे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। नीतू जी, रणबीर और उनके पूरे परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं।”


भारतीय टीम के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने लिखा, “ऋषि कपूर जी की खबर सुनकर काफी दुख हो रहा है। उनके परिवार को संवेदनाएं।”

पूर्व भारतीय तेज गेंदबाज मदनलाल ने लिखा, “यह खबर बेहद सदमा देने वाली है। यह नहीं मान सकता कि ऋषि कपूर जी चले गए। 2020 काफी खराब रहा है।”

मौजूदा समय में भारतीय टीम के कोच रवि शास्त्री ने ट्वीट किया, “स्तब्ध करने वाली बात है। ऋषि कपूर जी के साथ कभी भी कोई उदास पल नहीं बिताया। हर मिनट हंसते थे। नीतूजी, रणबीर और रिद्धिमा के साथ मेरी संवेदनाएं।”

सानिया मिर्जा ने ट्वीट किया, “यह कैसा साल रहा है, लेकिन इससे भी ज्यादा यह सप्ताह कितना बुरा रहा है। एक के बाद एक बुरी खबर। काफी बड़ा नुकसान है। देश महान लोगों की मौत पर शोक मना रहा है।”

सायना नेहवाल ने ट्वीट किया, “इस बुरी खबर के साथ सुबह हुई.. भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। हम आपको याद करेंगे सर।”

रोहन बोपन्ना ने ट्वीट किया, “हे भगवान, सुबह उठकर ऋषि कपूर के निधन की खबर सुनी। उनके परिवार को संवेदनाएं।”

–आईएएनएस

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)