किसान, नौजवान की समस्या भाजपा का राष्ट्रवाद नहीं : प्रियंका

  • Follow Newsd Hindi On  

 सिद्धार्थनगर/बस्ती, 10 मई (आईएएनएस)| कांग्रेस महासचिव व पूर्वी उप्र की प्रभारी प्रियंका गांधी ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) पर निशाना साधा और कहा कि किसान, नौजवान की समस्या भाजपा का राष्ट्रवाद नहीं है।

 प्रियंका ने आज यहां एक चुनावी जनसभा में कहा, “भाजपा का प्रचार बड़ा है, काम खोखला है। ये पाकिस्तान की बात करते हैं, हिन्दुस्तान की नहीं। किसान, नौजवान की समस्या इनका राष्ट्रवाद नहीं है।”


उन्होंने कहा, “इन्होंने पहले प्रचार में गरीबों के खाते में 15 लाख रुपये देने का वादा किया था। जब सरकार बना लिए तो तीन माह बाद पार्टी अध्यक्ष ने कहा कि वह तो जुमला था। वह सत्ता पाते ही जनता को भूल गए। जनता को गुमराह किया। दो करोड़ रोजगार तो दूर किसी भी बेरोजगार को रोजगार नहीं मिला।”

कांग्रेस महासचिव ने कहा, “भाजपा की नीति और नीयत में खोट है। आप मनन कीजिए। चिंतन कीजिए। असलियत समझ जाएंगे।”

उन्होंने कहा, “मैं पूरे उप्र में घूमी हूं, एक भी युवा ने नहीं कहा कि रोजगार मिला है। हां, यह जरूर कहा कि वह पिता के साथ दुकान पर हाथ बटाते हैं। किसानों को गन्ना मूल्य नहीं दिया। चीनी मिलों को पैसा दिया, लेकिन किसानों के खाते में पैसा नहीं आया। उपज का मूल्य नहीं मिलता। किसान कर्ज में डूब गए हैं।”


उन्होंने कहा, “हमारे गुरु जी बताते हैं कि मन के मैल को आदत नहीं बनानी चाहिए। मैल फैलाने की आदत नहीं डालनी चाहिए। लेकिन भाजपा सिर्फ मैल फैला रही है। टीवी और अखबारों के प्रचार की हकीकत समझिए। ऐसी राजनीति लाइए। कांग्रेस आपका भविष्य मजबूत करेगी।”

प्रियंका गांधी ने कहा, “कांग्रेस की सरकार में भरपूर रोजगार मिलेगा। यह बुद्ध की धरती है। बुद्ध का संदेश शांति के लिए था, लेकिन यह सरकार क्रोध और नफरत के बीज बो रही है। पाकिस्तान में प्रधानमंत्री मोदी बिरयानी खाए, अमेरिका में ढोल बजाए, लेकिन एक बार भी अपने संसदीय क्षेत्र के गरीब परिवार से नहीं मिले।”

उन्होंने कहा, “नोटबंदी में कोई नेता आपको कतार में खड़ा दिखा क्या, सिर्फ एक नेता खड़ा रहा वह है राहुल गांधी, जिसका मजाक उड़ाया गया। इनकी देशभक्ति पूरी तरह खोखली है। देश आप हैं। पांच साल में न किसान की सुनवाई हुई और न बहनों की सुनवाई हुई।”

कांग्रेस की पूर्वाचल प्रभारी प्रियंका ने कहा, “भाजपा की सरकार और भाजपा के नेता प्रचार में खूब माहिर हैं। वे प्रचार पर ही पूरा ध्यान देते हैं। वाराणसी दौरे के दौरान मैंने वहां विकास के बारे में पूछा तो लोगों ने कहा कि हवाईअड्डे से शहर तक जाने वाली 15 किमी सड़क सिर्फ बनी है। चीन की लाइटें मंगाकर 75 साल पुराने पुल को नया रूप देने का काम किया गया।”

उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न प्रांतों से हजारों किसान दिल्ली आए अपनी समस्या बताने के लिए, मोदी से पांच मिनट का समय मांगा, तो प्रधानमंत्री ने किसानों को पांच मिनट का समय नहीं दिया।

प्रियंका ने कहा, “मोदी 56 इंच का सीना तो बताते हैं, लेकिन दिल का भी नाप बताएं। उनके दिल में किसानों के लिए कोई जगह है या नहीं है। आवारा पशु की समस्या से जूझ रहे किसानों के लिए कोई समाधान नहीं है। आवारा पशुओं का नाम क्या रखा है देशवासियों ने इसकी भी तो जानकारी कर लेते। मोदी का जनता से नाता टूट चुका है। आमजनता त्रस्त है और आप फिजूल की बात करते हैं। पाकिस्तान की बात करते हैं, वर्तमान व भविष्य की बात नहीं करते हैं।”

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)