किसानों के मुद्दे पर ओडिशा विधानसभा में हंगामा

  • Follow Newsd Hindi On  

भुवनेश्वर, 19 फरवरी (आईएएनएस)। ओडिशा विधानसभा सत्र के दूसरे दिन भी सदन में हंगामा जारी रहा। विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और कांग्रेस के विधायकों ने शुक्रवार को किसानों के मुद्दे पर हंगामा किया।

हंगामे के बाद स्पीकर सूर्य नारायण पात्रो ने सदन की कार्यवाही पहले सुबह 11.30 बजे तक और बाद में शाम चार बजे तक स्थगित कर दी।


जैसे ही प्रश्नकाल के लिए सदन की कार्यवाही शुरू हुई, विपक्षी सदस्यों ने यह कहते हुए हंगामा खड़ा कर दिया कि किसानों को भारी नुकसान हो रहा है, क्योंकि उनकी उपज मंडियों में पड़ी है और खरीद एजेंसियां धान का उठाव नहीं कर रही हैं।

भाजपा और कांग्रेस के विधायक स्पीकर के पोडियम तक चले गए, वहीं भगवा पार्टी के विधायक किसानों के मुद्दे पर तख्तियां पकड़े नजर आए।

विपक्षी नेता बिष्णु चरण सेठी ने कहा, केंद्र धान की खरीद के लिए पैसा दे रहा है। फिर किसानों से धान खरीदने के लिए राज्य सरकार को क्या समस्या है?


उन्होंने मांग की कि धान की तुरंत खरीद की जानी चाहिए और किसानों को भुगतान किया जाना चाहिए, जो कई दिनों से मंडियों में इंतजार कर रहे हैं।

कांग्रेस विधायक तारा प्रसाद ने कहा, राज्य में हजारों की संख्या में धान की बोरियां मंडियों में पड़ी हैं। हम तब तक सदन नहीं चलने देंगे, जब तक कि सभी बारियों का मंडियों से उठाव नहीं हो जाता।

सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के वरिष्ठ विधायक देबी प्रसाद मिश्रा ने कहा कि प्रश्नकाल नहीं रोका जाना चाहिए।

मिश्रा ने कहा, सरकार विपक्ष द्वारा उठाए गए किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। उन्हें प्रश्नकाल नहीं रोकना चाहिए, जहां सदस्यों द्वारा महत्वपूर्ण मामले उठाए जाते हैं।

–आईएएनएस

एकेके/एएनएम

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)