55 सदस्यों की कांग्रेस कार्यसमिति में 18 ने लड़ा चुनाव, 14 हारे, राहुल-सोनिया सहित सिर्फ 4 जीते

  • Follow Newsd Hindi On  

लोकसभा चुनाव 2019 समाप्त हो चुके हैं और नतीजे हम सब के सामने हैं। NDA गठबंधन ने प्रचंड जीत हासिल की है और उसे कुल 352 सीटें हासिल हुई हैं वहीं कांग्रेस गठबंधन को महज 91 सीटों से संतोष करना पड़ा हैं। भाजपा को 303 सीटें और कांग्रेस को 52 सीटें हासिल हुई हैं।

कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) कांग्रेस पार्टी की सर्वोच्च राजनीतिक ईकाई है। इस कमेटी में कुल 55 सदस्य हैं और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी इस कमेटी के अध्यक्ष हैं। अभी सम्पन्न हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्यों का प्रदर्शन काफी खराब रहा और चुनाव लड़ने वाले कुल 18 सदस्यों में 14 को हार का मुंह देखना पड़ा।


कांग्रेस कार्यसमिति में शामिल कुल 55 सदस्यों में से 18 सदस्य चुनाव मैदान में थे जिनमें सिर्फ 4 सदस्य पार्टी प्रमुख राहुल गांधी, संप्रग अध्यक्ष सोनिया गांधी, गौरव गोगोई और ए. चेल्ला कुमार ही जीते हैं। बाकि 14 सदस्यों को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा।

कांग्रेस कार्यसमिति (स्थाई सदस्य-26)

चुनाव लड़े- 7, जीते- 2

कांग्रेस की शीर्ष राजनीतिक ईकाई कांग्रेस कार्यसमिति में राहुल गांधी, सोनिया गांधी, मनमोहन सिंह, अहमद पटेल, गुलाम नबी आजाद, अशोक गहलोत, अंबिका सोनी, प्रियंका गांधी सहित कुल 26 सदस्य हैं। इनमें से 7 सदस्य लोकसभा चुनाव के मैदान में थे। चुनाव जीतने वाले 2 सदस्यों में UPA अध्यक्षा सोनिया गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी (वायनाड) शामिल हैं। वहीं चुनाव हारने वाले 5 सदस्यों में वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे (गुलबर्ग), उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत (नैनीताल), ज्योतिरादित्य सिंधिया (गुना), रघुवीर सिंह मीना (उदयपुर) और कुमारी शैलजा (अंबाला) शामिल हैं।


कांग्रेस कार्यसमिति (स्थाई आमंत्रित सदस्य-19)

चुनाव लड़े- 6, जीते- 2

वहीं कांग्रेस कार्यसमिति की स्थाई आमंत्रित सदस्यों में पूर्व मुख्यमंत्री शिला दीक्षित, पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदम्बरम और कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला सहित कुल 19 सदस्य हैं। इनमें से कुल 6 सदस्य चुनाव मैदान में थे जिनमें से 4 नेताओं को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा, वहीं 2 नेता चुनाव जीतने में सफल रहे। चुनाव हारने वाले सदस्यों में दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार (सासाराम), जितेंद्र सिंह (अलवर) और आरपीएन सिंह (कुशीनगर) शामिल रहे। वहीं असम की कलियाबोर लोकसभा सीट से गौरव गोगोई और तमिलनाडु की कृष्णागिरि सीट से डॉ. ए चेल्लाकुमार ने जीत दर्ज की।

कांग्रेस कार्यसमिति (विशेष आमंत्रित सदस्य-10)

चुनाव लड़े- 5, जीते- 0

कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की विशेष आमंत्रित सदस्यों में कुल 10 नेता हैं, जिनमें 5 सदस्य चुनाव मैदान मे थे और सभी को हार का सामना करना पड़ा। हारने वालों में के. एच मुनियप्पा (कोलार), अरुण यादव (खंडवा), दिपेंद्र सिंह हुड्डा (रोहतक), जितिन प्रसाद (धौरहरा) और सुष्मिता देव (सिलचर) शामिल हैं।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को मात्र 52 सीटें मिली हैं। यह संख्या पार्टी को पिछले लोकसभा में पार्टी को मिलीं 44 सीटों से मात्र आठ ज्यादा है।

कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राज बब्बर, प्रचार समिति प्रमुख एच.के. पाटिल, ओडिशा पार्टी प्रमुख निरंजन पटनायक और अमेठी जिला अध्यक्ष योगेंद्र मिश्रा ने शुक्रवार को अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)