जानें कौन हैं IPS लिपि सिंह? क्यों मुंगेर गोली कांड को लेकर हैं चर्चा में

  • Follow Newsd Hindi On  
जानें कौन हैं IPS लिपि सिंह? क्यों मुंगेर गोली कांड को लेकर हैं चर्चा में

Bihar: बिहार का मुंगेर जिला इस वक्त खासा चर्चा में है। बीते दिनों मुंगेर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक युवक की मौत के बाद से बवाल मचा हुआ है। चैंबर ऑफ कॉमर्स ने मुंगेर में दुकानें बंद करने का ऐलान कर दिया है। इस मामले को लेकर एक वीडियो वायरल हो रहा है।

इस वीडियो में मुंगेर की पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह (Munger SP Lipi Singh) के इशारे पर फायरिंग होने का आरोप लगाया जा रहा है। इस वीडियो में एक व्यक्ति मामले के संबंध में बता रहा है कि पुलिसवालों ने घटना की जानकारी किसी मैडम को दी थी। वह शख्‍स बता रहा है कि वह शायद जिले की एसपी होंगी।



वीडियो में व्यक्ति आगे कहता है कि फिर उस तरफ से शायद पुलिसकर्मियों को दंडात्मक कार्रवाई को आगे बढ़ाने का निर्देश मिला और फिर पुलिस ने हवाई फायरिंग की। इसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस वीडियो को RJD नेता अपूर्व यादव ने शेयर किया है। हालांकि इस वीडियो की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।

मुंगेर की वर्तमान पुलिस अधीक्षक लिपि सिंह हैं। लिपि सिंह जदयू के नेता आरसीपी सिंह की बेटी हैं। राज्यसभा सांसद आरसीपी सिंह को सीएम नीतीश कुमार का खास माना जाता है। अपने कड़क मिजाज को लेकर लिपि सिंह हमेशा चर्चा में रहती हैं और अक्सर लोग उन्‍हें ‘लेडी सिंघम’ नाम से बुलाते हैं।

पिछले साल लिपि सिंह उस समय और अधिक चर्चा में आई थीं, जब उन्होंने मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह के खिलाफ कार्रवाई की और उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लिपि सिंह के पति सुहर्ष भगत भी आईएएस हैं और फिलहाल बांका के डीएम हैं।

मामले की बात करें तो पुलिस ने चुनाव के कारण 26 अक्तूबर की शाम तक मूर्ति विसर्जन का आदेश दिया था। पुलिस ने बताया कि मुंगेर में पंडित दीन दयाल चौक के पास शंकरपुर के मूर्ति विसर्जन के लिए प्रशासन ने आदेश दिया था। इसे लेकर पुलिस और स्थानीय लोगों में कहासुनी हो गई। इतने में किसी ने फायरिंग कर दी।

पुलिस की मानें तो, गोली लगने से 18 वर्षीय अनुराग कुमार ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। फायरिंग में पांच अन्य लोग भी घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए मुंगेर के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले को लेकर स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस की फायरिंग में युवक की मौत हुई है।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)