कोरोना के खिलाफ जारी सशक्त लड़ाई ने मोदी की दुनिया में स्वीकार्यता बढ़ाई : शर्मा (आईएएनएस साक्षात्कार)

  • Follow Newsd Hindi On  

भोपाल, 11 मई (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी की मध्य प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और खजुराहो के सांसद विष्णु दत्त शर्मा का कहना है कि हमारा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक महामारी कोरोना के खिलाफ एकजुट होकर लड़ाई लड़ रहा है और इसके संक्रमण को रोकने के साथ उससे उबरने में भी काफी हद तक सफल हो रहा है। यही कारण है कि दुनिया के कई देशों से भारत और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व दोनों की सराहना की है।

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने आईएएनएस से खास बातचीत में कहा, ” कोरोना के खिलाफ पूरा देश एकजुट है। प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर देशवासियों ने जनता कर्फ्यू में साथ दिया, ताली, घंटी बजाने के साथ एक समय का उपवास रखकर भूखों की मदद की। यह कोई छोटी बात नहीं है। ऐसा इसलिए क्योंकि बीते कुछ सालों में नेताओं अर्थात लीडरशिप के प्रति गिरावट का भाव आया था, उसे प्रधानमंत्री ने पुन: स्थापित करने के साथ नेता के प्रति जनमानस में विश्वास जगाने का काम किया है। प्रधानमंत्री के आहवानों को मिली सफलता इस बात का द्योतक भी है।”


एक सवाल के जवाब में शर्मा ने कहा कि “कोरोना के खिलाफ जारी लड़ाई में प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर हर वर्ग सहयोग देने के लिए आगे आया है। यह नेता अर्थात लीडरशिप के प्रति बढ़े विश्वास का प्रतीक है। यही कारण है कि भारत के नेतृत्व की अमेरिका, इंग्लैंड, इजराइल जैसा देशों ने प्रशंसा की है। दुनिया में इससे भारत के नेतृत्व की स्वीकारोक्ति बढ़ रही है। हम कहते आए है कि भारत दुनिया के नेतृत्व करेगा, कोरोना जैसी महामारी के समय भारत दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। उम्मीद है कि आने वाले समय में अन्य मुददों पर भी भारत दुनिया का नेतृत्व करता नजर आएगा।”

कोरोना के खिलाफ जारी लड़ाई में भाजपा की प्रदेश इकाई किस तरह से काम कर रही है। इस सवाल के जवाब में शर्मा ने कहा कि ” प्रदेश के सभी कार्यकर्ता अपने-अपने स्तर पर सक्रिय है, सामाजिक भूमिका का निर्वाहन करने में लगे है और जरुरतमंदों की मदद कर रहे है। भाजपा कार्यकर्ता कोरोना योद्घा की भूमिका निभा रहा है। भोजन पैकेट बांट रहे है, सामुदायिक रसोई चलाई जा रही है और फेस कवर बांट रहे है। पांच लाख कार्यकर्ता इस काम में लगे है। इन प्रयासों के चलते किसी न किसी रुप में भाजपा कार्यकर्ता लगभग साढ़े तीन करोड़ लोगों तक मदद पहुंचाने में सफल रहे है।”

राज्य में डेढ़ दशक तक सत्ता में रहने के बाद भाजपा को सत्ता से बाहर होना पड़ा था और 15 माह बाद फिर सत्ता हासिल हुई है। आगामी समय में 24 विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनाव काफी अहम होंगे । पार्टी की तैयारी क्या है। इस पर शर्मा ने कहा कि “भाजपा का संगठन 24 घंटे काम करने वाला संगठन है। जब जो संगठन का निर्देश होता है, कार्यकर्ता उसी काम में लग जाते है। अभी सामाजिक जिम्मेदारी निभाने कहा गया तो उसमें लग गए। भाजपा किसी परिवार का दल नहीं है बल्कि भाजपा एक परिवार है। सभी 24 विधानसभा क्षेत्रों में कार्यकर्ता बूथ लेबल पर सक्रिय हैं।”


कांग्रेस छोड़कर पूर्व मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ भाजपा में आए 22 पूर्व विधायकों केा भाजपा का उम्मीदवार बनाकर चुनाव लड़ाने की चल रही चर्चाओं के सवाल पर शर्मा ने कहा ” भाजपा का परिवार बड़ा हुआ है। उन 22 लोगों ने छिंदवाड़ा के मुख्मत्री कमल नाथ और उनकी सरकार को चलाने वाले मिस्टर बंटाढ़ार की छाया से प्रदेश को बचाने के लिए बड़ा त्याग किया है। राज्य को दुरावास्था से बचाने और गरीब जनता के हित में काम किया है। उनके आने से परिवार बड़ा हुआ है। ताकत बढ़ी है। भाजपा का बूथ लेबल का कार्यकर्ता चुनाव जिताता है, आगामी समय में 24 विधानसभा के उप चुनाव में भी यही कार्यकर्ता चुनाव जिताने का काम करेगा।”

खजुराहो से सांसद शर्मा ने कहा, “कमल नाथ की सरकार ने बुंदेलखंड से छल किया, पन्ना को कृषि महाविद्यालय मिला तो उसे छिंदवाडा ले गए, उनके लिए तो छिंदवाड़ा ही राज्य था। मध्य प्रदेश की उन्हें परवाह नहीं थी। आगामी विधानसभा के उप चुनाव में जनता उन्हे जवाब देगी क्योंकि युवा, गरीब, किसान, बेटियों सबसे ही तो छल किया है। जो वादे करके कमल नाथ सत्ता में आए थे उनमें से एक भी पूरा नहीं किया, जनता उन्हें सबक सिखाने का काम करेगी।”

–आईएएनएस

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)