क्राइस्टचर्च गोलीबारी के बाद 9 भारतीय लापता

  • Follow Newsd Hindi On  

वेलिंगटन, 15 मार्च (आईएएनएस)| न्यूजीलैंड के क्राइस्टचर्च में दो मस्जिदों में शुक्रवार को हुई गोलीबारी के बाद भारतीय नागरिकता वाले या भारतीय मूल के कम से कम नौ लोग लापता हैं। गोलीबारी की इन घटनाओं में 49 लोग मारे गए हैं।

भारतीय उच्चायुक्त संजीव कोहली ने ट्वीट किया, “कई सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, भारतीय नागरिकता/भारतीय मूल के नौ लोग लापता हैं। आधिकारिक पुष्टि का अभी भी इंतजार किया जा रहा है। मानवता के खिलाफ भारी अपराध। उनके परिवारों के लिए हमारी प्रार्थना।”


उन्होंने कहा, “क्राइस्टचर्च के उस समुदाय के सदस्यों के प्रति मेरी गहरी कृतज्ञता, जो आज के भयावह हमले के पीड़ितों के बारे में हमारे लिए जानकारी जुटाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। इस समर्पण और एकजुटता से बेहतर कोई दूसरा उदाहरण नहीं हो सकता।”

कथित तौर पर श्वेत बंदूकधारियों ने क्राइस्टचर्च में स्थित दो मस्जिदों -अल नूर मस्जिद और लिनवूड एवेन्यू मस्जिद- में नमाज के दौरान अंधाधुंध गोलीबारी की, जिसे न्यूजीलैंड की प्रधानमंत्री जसिंदा अर्डर्न ने आतंकी हमला करार दिया है।

न्यूजीलैंड स्थित भारतीय उच्चायोग ने कहा है कि क्राइस्टचर्च मस्जिद नरसंहार में फंसा कोई भी भारतीय उनसे संपर्क कर सकता है।


मिशन ने ट्वीट किया, “क्राइस्टचर्च में गोलीबारी की खबर सुनकर हम हैरान हैं। कोई भी भारतीय जरूरत के लिए 021803899 या 021850033 पर संपर्क कर सकता है।”

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)