कर्नाटक : बागी विधायक मुंबई के होटल में, कांग्रेस का प्रदर्शन

  • Follow Newsd Hindi On  

मुंबई, 8 जुलाई (आईएएनएस)| कर्नाटक कांग्रेस के बागी 10 विधायक मुंबई के एक फाइव स्टार होटल में टिके हुए हैं। उधर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लगातार दूसरे दिन सोमवार को होटल के बाहर प्रदर्शन किया। कर्नाटक के विधायक यहां शनिवार पहुंचे और बांद्रा कुर्ला कॉम्पलेक्स स्थित सोफीटेल होटल में ठहरे हुए हैं। होटल के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं।

सूत्रों ने कहा कि कुछ और विधायक यहां पहुंच सकते हैं और उम्मीद है कि वे 12 जुलाई तक यहां रहेंगे, जब कर्नाटक विधानसभा का मॉनसून सत्र शुरू होगा तब वे यहां जाएंगे।


मुंबई कांग्रेस और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने होटल के बाहर सोमवार को लगातार दूसरे दिन प्रदर्शन किया। उन्होंने भाजपा पर लोकतंत्र का गला घोंटने का आरोप लगाया।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और विधानसभा में उपनेता नसीम खान, पूर्व सांसद एकनाथ गायकवाड़ और अन्य ने प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। हालांकि उन्हें होटल के नजदीक जाने से रोक दिया गया।

उन्होंने कहा कि विधायकों को किसी से भी बात करने की अनुमति नहीं दी जा रही है। उनके पास मोबाइल फोन भी नहीं है। भाजपा सरकार उन पर दबाव बना रही है।


खान ने कहा कि गाय के नाम पर सत्ता में आई भाजपा खरीद-फरोख्त को बढ़ावा दे रही है जैसा कि उन्होंने गोवा में किया, लेकिन कांग्रेस संघर्ष करेगी।

होटल में भाजपा विधायक प्रसाद लाड को जाते देखा गया, लेकिन बाद में उन्होंने कहा कि वे सदस्यता अभियान के सिलसिले में गए थे। वहां टिके विधायकों से उनकी मुलाकात नहीं हुई।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)