लागात और अलेमू मुम्बई मैराथन खिताब बचाने के लिए लौटे

  • Follow Newsd Hindi On  

मुम्बई, 4 जनवरी (आईएएनएस)| मौजूदा चैम्पियन कोसमास लागात और वोर्कनेश अलेमू टाटा मुम्बई मैराथन का खिताब बचाने के लिए लौट आए हैं। दोनों धावक 19 जनवरी होने वाली रेस में चुनौती पेश करेंगे। केन्या के लागात ने बीते साल 2.09.15 घंटे समय के साथ पहला स्थान हासिल किया था। वह 40 सेकेंड के अंतर से अपने ही देश के गिडेओन किपकेटर द्वारा 2016 में बनाए गए 2.08.35 घंटे के कोर्स रिकार्ड को तोड़ने से रह गए थे।

इस साल लागात न सिर्फ पहले स्थान के लिए दांव पर लगे 45 हजार डॉलर के लिए दौड़ेंगे बल्कि उनका ध्यान कोर्स रिकार्ड के लिए मिलने वाले 15 हजार डॉलर पर भी होगा।


लागात यह रेस लगातार दो बार जीतने वाला दूसरा धावक बनने की कोशिश करेंगे। उनके ही देश के जॉन केलाई ने 2007 और 2008 में यह खिताब अपने नाम किया था।

महिला वर्ग में अलेमू ने 2.25.25 घंटे के पर्सनल बेस्ट समय के साथ पहला स्थान हासिल किया था। यह टाटा मुम्बई मैराथन के 17 साल के इतिहास का दूसरा सबसे तेज समय है।

अलेमू और अन्य धाविकाएं केन्या की वेलेंटाइन किपकेटेर द्वारा बनाए गए 2.24.33 घंटे के ट्रैक रिकार्ड को पीछे छोड़ना चाहेंगी। वेलेंटाइन ने यह रिकार्ड 2013 में बनाया था।


टाटा मुम्बई मैराथन में छह अलग-अलग कटेगरीज में करीब 50 हजार धावक हिस्सा लेंगे।

 

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)