लेखक नीरेंद्रनाथ चक्रवर्ती का निधन

  • Follow Newsd Hindi On  

 कोलकाता, 25 दिसम्बर (आईएएनएस)| बंगाल के साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता लेखक नीरेंद्रनाथ चक्रवर्ती का यहां मंगलवार को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनके परिवार ने यह जानकारी दी।

 चक्रवर्ती (94) की पत्नी का हाल ही में निधन हो गया था। उनके परिवार में दो बेटियां है। उन्हें आयु संबंधी बीमारियों की वजह से 9 दिसंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।


उनकी बेटी सियुली सरकार ने कहा, “मेरे पिता को दिल का दौरा पड़ा, लेकिन उनका चेहरे पर कोई शिकन नहीं थी। वह कहा करते थे कि उन्होंने पूरी जिंदगी जी है और जीवन के प्रत्येक क्षण का आनंद लिया है।”

19 अक्टूबर 1924 को जन्मे चक्रवती ने ‘कोलकातार जिशु’, ‘अमलकांति रोद्दुर होतेय छेयछिलो’, ‘घुमी पोरार आगे’ जैसे कविताओं से बंगाली पाठकों का दिल जीता।

उन्हें कविताओं के संग्रह ‘उलांगा राजा’ के लिए 1974 में साहित्य अकादमी पुरस्कार से नवाजा गया था।


पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने उनके निधन पर दुख जताते हुए ट्वीट किया, “कवि नीरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के निधन से दुखी हूं। यह हम सभी के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। बंगाली साहित्य के लिए उनका योगदान अतुलनीय है और उन्हें हमेशा उनके काम के जरिए याद किया जाएगा।”

उन्होंने उल्लेख किया कि महान लेखक को 2017 में ‘बंग विभूषण’ से सम्मानित किया गया था।

उनके पार्थिव शरीर को लोगों के अंतिम दर्शन के लिए रवींद्र सदन में रखा जाएगा और उसके बाद उनके पार्थिव शरीर को उनके आवास बांगर एवेन्यू ले जाया जाएगा।

उनका अंतिम संस्कार कोलकाता के निमताला घाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)