पुराने बयान को लेकर फंसे सिद्धू, लोगों ने पूछा-राजनीति से कब ले रहे हो संन्यास 

  • Follow Newsd Hindi On  

कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू अपने बयानों को लेकर अक्सर चर्चा में रहते हैं। हाल ही में बड़बोले सिद्धू ने राहुल गांधी को लेकर एक बयान दिया था। जिसे लेकर सोशल मीडिया में उनको जमकर ट्रोल किया जा रहा है।

दरअसल कुछ दिन पहले ही उन्होंने कहा था कि अमेठी से अगर राहुल गांधी चुनाव हार गए तो वह राजनीति से संन्यास ले लेंगे। अब सिद्धू को क्या पता था कि ‘मोदी लहर’ में राहुल गांधी अमेठी से भी हार जाएंगे जिसे गांधी परिवार का सबसे मजबूत गढ़ कहा जाता है। ईरानी की इस जीत के बाद ट्विटर पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आने लगीं। अमेठी में राहुल की हार के बाद ट्विटर पर यूजर्स ने नवजोत सिद्धू को निशाना बनाना शुरू किया और उनसे राजनीति छोड़ने की मांग करने लगे। लोग उनसे पूछ रहे हैं कि सिद्धू राजनीति से संन्यास कब ले रहे हो।




आपको बता दें कि, राहुल गांधी को बीजेपी की स्मृति ईरानी ने 55 हजार 120 मतों के अंतर से पराजित किया है। अमेठी लोकसभा सीट से चुनाव जीतने के बाद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार सुबह यहां की जनता का आभार व्यक्त किया। स्मृति ने ट्वीट किया, “एक नयी सुबह अमेठी के लिए, एक नया संकल्प … धन्यवाद अमेठी … शत शत नमन”। उन्होंने लिखा, “आपने विकास पर विश्वास जताया, कमल का फूल खिलाया। अमेठी का आभार।”

खबरों के अनुसार अमेठी की जनता का कहना है कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से उन्हें वह आत्मीयता नहीं मिल सकी, जो उनके दिवंगत पिता एवं पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी (Rajiv Gandhi) से मिलती थी। इससे पहले 2014 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी को 408,651 वोट मिले थे जबकि भाजपा प्रत्याशी स्मृति ईरानी को 300,748 वोट मिले थे। तब कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्रीय मंत्री को 1,07,000 वोटों के अंतर से हराया था। राहुल गांधी अमेठी से लगातार तीन बार सांसद रहे। उन्होंने 2009 में यह सीट 3,50,000 से भी ज्यादा मतों से जीती थी। कांग्रेस अध्यक्ष यहां से पहली बार 2004 में चुन कर संसद पहुंचे थे। अमेठी के लोगों का कहना है कि राजीव गांधी के समय शुरू की गयी कई परियोजनाएं और कार्यक्रम राहुल के सांसद रहते एक एक करके बंद होते गए। इससे हजारों लोगों की रोजी-रोजगार पर असर पड़ा। इसके चलते बड़ी संख्या में लोगों ने रोजगार के लिए अमेठी से पलायन किया।

 

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)