वाराणसी से पीएम मोदी के खिलाफ क्यों नहीं लड़ीं प्रियंका गांधी, दिया ये जवाब

  • Follow Newsd Hindi On  
वाराणसी से पीएम मोदी के खिलाफ क्यों नहीं लड़ीं प्रियंका गांधी, दिया ये जवाब

उत्तर प्रदेश की सबसे वीआईपी सीट वाराणसी से पीएम नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव नहीं लड़ने को लेकर प्रियंका गांधी ने पहली बार बयान दिया है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि मेरे कंधों पर पूरे यूपी में प्रचार की जिम्मेदारी है। एक नहीं 41 सीटों पर पार्टी को जीत दिलाने का जिम्मा है। एक स्थान पर रहकर ऐसा संभव नहीं था।

गौरतलब है कि 28 मार्च को रायबरेली में अपनी मां और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के लिए प्रचार करने पहुंचीं प्रियंका गांधी से जब कार्यकर्ताओं ने चुनाव लड़ने की मांग की तो उन्होंने पलटकर कार्यकर्ताओं से ही पूछ लिया कि वाराणसी से चुनाव लड़ूं क्या? प्रियंका के इस बयान के बाद सियासी गलियारे में अटकलों का बाजार गर्म होने लगा कि प्रियंका वाराणसी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ ताल ठोक सकती हैं।


इस बात को तब और हवा मिली जब कांग्रेस प्रवक्ता और एमएलसी दीपक सिंह ने भी दावा किया था कि प्रियंका गांधी का वाराणसी से चुनाव लड़ना लगभग तय है। दीपक सिंह ने कहा था कि प्रियंका ने वाराणसी से चुनाव लड़ने का मन बना लिया है। एक-दो दिन में बनारस से नामांकन करने के प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

इन चर्चाओं के बीच प्रियंका भी लगातार कहती रहीं कि वह वाराणसी से पीएम मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं, लेकिन बस पार्टी की हां का इंतजार है। इसके अलावा वाराणसी से चुनाव लड़ने को लेकर प्रियंका के पति रॉबर्ट वाड्रा ने भी कहा था कि प्रियंका गांधी वाराणसी से चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। उन्हें अब बस पार्टी की अनुमति का इंतजार है। लेकिन प्रियंका के वाराणसी से चुनाव लड़ने की चर्चाओं पर विराम 25 अप्रैल को लगा जब कांग्रेस ने अजय राय को यहां से टिकट दिया। कांग्रेस ने इससे पहले 2014 में भी अजय राय को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन वो अपनी जमानत भी नहीं बचा सके थे।

बता दें कि वाराणसी लोकसभा सीट देश की सबसे वीवीआईपी सीटों में से एक है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2014 में इसी सीट से जीतकर संसद पहुंचे थे और 2019 में एक बार फिर वह इस सीट से संसद पहुंचने की तैयारी कर रहे हैं।


प्रियंका को पूर्वांचल की जिम्मेदारी

लोकसभा चुनाव में पूर्वी यूपी में कांग्रेस की नैया पार कराने के लिए पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी बहन प्रियंका गांधी को बड़ी जिम्मेदारी दी हुई है। पीएम मोदी और योगी आदित्यनाथ के गढ़ कह जाने वाले पूर्वांचल में कांग्रेस को मजबूत करने की जिम्मेदारी प्रियंका गांधी के हाथों में हैं। प्रियंका जिन 41 सीटों की बात कर रही हैं उनमें से 26 सीटें पूर्वांचल की हैं। पार्टी की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए प्रियंका यूपी में जमकर प्रचार कर रही हैं। अब उनकी मेहनत कितना रंग लाती है ये तो 23 मई को चुनावी नतीजे आने के बाद ही पता चलेगा।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)