लोकतंत्र को सुरक्षित रखने में संविधान की अहम भूमिका : डॉ. रमन

  • Follow Newsd Hindi On  

 रायपुर, 26 नवंबर (आईएएनएस/वीएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने सोमवार को संविधान दिवस के अवसर पर जनता को शुभकामनाएं दी और कहा कि ‘देश के महान लोकतंत्र को सुरक्षित रखने में हमारे महान भारतीय संविधान की सर्वाधिक महत्वपूर्ण भूमिका है।’

 उन्होंने सभी लोगों से संविधान की पवित्र भावना के अनुरूप कानून के मार्ग पर चलकर देश में शांति, सद्भाव और सामाजिक समरसता की भावना को और भी अधिक सु²ढ़ बनाने की अपील की।


मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान में जहां प्रत्येक नागरिक को समानता का अधिकार दिया गया है और कई मौलिक अधिकार दिए गए हैं, वहीं इन अधिकारों के साथ-साथ कई मूल कर्तव्यों का भी उल्लेख किया गया है। इन कर्तव्यों में संविधान का पालन करना और उसके आदर्शो तथा राष्ट्रध्वज और राष्ट्रगान सहित समस्त संवैधानिक संस्थाओं का आदर करना भी शामिल है। हम सबको राष्ट्र और समाज के व्यापक हित में संविधान प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए उसमें बताए गए कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए।

डॉ. रमन सिंह ने कहा कि महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और क्रांतिकारियों के कठिन संघर्षो के बाद देश को 15 अगस्त, 1947 को आजादी मिली और भारतरत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में संविधान सभा का और भारतरत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की अध्यक्षता में संविधान प्रारूप समिति का गठन किया गया। डॉ. अंबेडकर ने कड़ी मेहनत से संविधान का निर्माण किया, जिसे उन्होंने 26 नवंबर, 1949 को संविधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रसाद को सौंपा। उसी दिन संविधान को अंगीकृत किया गया।


(इस खबर को न्यूज्ड टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)