क्या पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन बनेंगी राज्यपाल, सोशल मीडिया पर भाजपा नेता दे रहे बधाई

  • Follow Newsd Hindi On  
क्या पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन बनेंगी राज्यपाल, सोशल मीडिया पर भाजपा नेता दे रहे बधाई

मध्य प्रदेश भाजपा नेताओं के ट्वीट को देखें तो लगता है कि पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया जाना लगभग तय है। वैस 2019 लोकसभा चुनाव लड़ने से इंकार करने वाली पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के नए दायित्‍व को लेकर भाजपा अभी तक फैसला नही कर पाई है, हालांकि सूत्रों की मानें तो उन्हें किसी बड़े राज्य का राज्यपाल बनाया जा सकता है।

अभी जबकि कोई आधिकारिक सूचना नहीं आई है, सोशल मीडिया पर उनके महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाए जाने की अफवाह जोरों पर हैं। यहां तक की भाजपा नेता भी बधाई देने से पीछे नहीं हट रहे हैं। जबकि पार्टी की तरफ से अभी कोई पुष्टि नहीं की गई है। सोशल मीडिया पर नेताओं की ये बधाई अब चर्चा का विषय बन गई है।


सांसद-कार्यकर्ता भी दे रहे बधाई

मध्य प्रदेश के उज्जैन से सांसद रहे चिंतामण मालवीय ने अपने ट्वीटर हैंडलर पर लिखा है कि महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर ताई सुमित्रा महाजन को बहुत बहुत शुभकामनाएं।

भाजयुमो अध्यक्ष अभिलाष पांडे ने लिखा है कि आदरणीय ‘ताई’ सुमित्रा महाजन जी को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर बधाई और शुभकामनाएं।

8 बार सांसद रहीं हैं सुमित्रा महाजन

दिलचस्प बात तो ये है कि इन सभी नेताओं ने सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों को ही सही मानते हुए बधाई देना शुरू कर दिया है, जबकी पार्टी की तरफ से इस बात की कोई पुष्टि नहीं की गई है। गौरतलब है कि लगातार 8 बार सांसद रही सुमित्रा महाजन ने इस बार खुद ही पार्टी हाईकमान को पत्र लिख चुनाव नहीं लड़ने का एलान कर दिया था। पार्टी ने उनकी जगह शंकर लालवानी को मैदान में उतारा था और उन्होंने शानदार जीत हासिल की थी।

(आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम पर फ़ॉलो और यूट्यूब पर सब्सक्राइब भी कर सकते हैं.)